Breaking News in Hindi

स्मित माच्छर के लिए लिखा धन्यवाद हीरो

तेल अवीव जाने वाले मुख्य मार्ग विशाल बिलबोर्ड

जान बचाने वाले पायलट का सम्मान

इस पर हिंदी में भी धन्यवाद लिखा है

टलोर कराडी ग्रुप ने लगाया है इसे

तेल अवीवः इस्राइल में हाईवे 4 पर स्थित एड हालोम जंक्शन पर एक बड़ा और प्रमुख बिलबोर्ड लगाया गया है, जो फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या एफजेड 1073 के भारतीय पायलट स्मित माच्छर के अदम्य साहस को समर्पित है। इस बिलबोर्ड को टलोर कराडी ग्रुप द्वारा स्थापित किया गया है। इसमें स्मित माच्छर की एक तस्वीर के साथ पृष्ठभूमि में भारत और इस्राइल के राष्ट्रीय ध्वज को दर्शाया गया है।

इस बिलबोर्ड पर हिंदी और हिब्रू दोनों भाषाओं में थैंक यू, हीरो लिखा गया है। टलोर कराडी ग्रुप के अनुसार, इस संदेश को हिंदी में विशेष रूप से इसलिए शामिल किया गया ताकि उनकी यह कृतज्ञता और सराहना सीधे पायलट स्मित माच्छर तक उनकी अपनी मातृभाषा में पहुंच सके। यह जंक्शन अत्यधिक व्यस्त क्षेत्र है, जिसके कारण यह बिलबोर्ड प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों यात्रियों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

यह घटना तब घटी जब फ्लाईदुबई की उड़ान तेल अवीव की ओर बढ़ रही थी। विमान के ओमानी सह-पायलट और संदिग्ध आतंकवादी हमाम अल-हम्ममी ने विमान को हाइजेक करने का खतरनाक प्रयास किया। उसने इस्राइल से भरे इस विमान को तेल अवीव की किसी इमारत से क्रैश करने की दुर्भावनापूर्ण साजिश रची थी।

इस दौरान उसने एक आपातकालीन क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से भारतीय पायलट स्मित माच्छर पर अचानक हमला कर दिया। इस गंभीर और जानलेवा हमले के बावजूद, कप्तान स्मित माच्छर ने असाधारण सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया।

हमले में घायल होने के बावजूद स्मित माच्छर ने जिस तरह से कॉकपिट का दरवाजा खोलने और विमान पर नियंत्रण पाने के लिए संघर्ष किया, उसने सैकड़ों इस्राइली नागरिकों की जान बचा ली। टलोर कराडी ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे एक ऐसे व्यक्ति के प्रति अपनी सरल और स्पष्ट कृतज्ञता व्यक्त करना चाहते थे जिन्होंने एक बेहद नाजुक और संकटपूर्ण क्षण में अत्यंत जिम्मेदारी और पेशेवर तरीके से काम किया। उन्होंने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि यह संदेश उन तक पहुंचेगा। पूरी इस्राइल राष्ट्र की ओर से, कैप्टन, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

इस असाधारण घटना के बाद पिछले सप्ताह इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कैप्टन स्मित माच्छर के नाम एक विशेष धन्यवाद संदेश साझा किया था। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने संदेश में लिखा था, भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माच्छर को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए मेरा सलाम। इस घटना ने भारत और इस्राइल के बीच के मजबूत मानवीय और कूटनीतिक संबंधों को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया है।