Breaking News in Hindi

अब आंध्र में थ्री डी तकनीक से बनेंगे मकान

आधुनिक तकनीक पर चंद्राबाबू नायडू का झूकाव सामने आया

टेक्नोलॉजी पर पहले से ध्यान देते हैं

समारोह में शिवराज सिंह चौहान मौजूद

सभी घर इसी तकनीक से बनाये जाएंगे

राष्ट्रीय खबर

हैदराबाद मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि राज्य के आवास कार्यक्रम के तहत बुर्रिपालेम में पायलट आधार पर 3डी कंक्रीट प्रिंटिंग तकनीक शुरू की जाएगी। देश में पहली बार इस्तेमाल की जा रही इस तकनीक से मकान तेजी से बनने और बेहतर थर्मल कम्फर्ट मिलने की उम्मीद है, जिससे इनडोर तापमान लगभग आठ डिग्री सेल्सियस तक कम रहने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री नायडू ने केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ तेनाली विधानसभा क्षेत्र के बुर्रिपालेम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण 2.0 के तहत आंध्र प्रदेश भर में तीन लाख घरों के निर्माण की आधारशिला रखी। इस कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश को इस योजना के तहत 3,600 करोड़ रुपये की लागत वाले 3 लाख घरों की पहली किस्त सौंपी।

चौहान ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 177 घरों वाली देश की पहली 3डी कंक्रीट प्रिंटिंग पायलट हाउसिंग प्रोजेक्ट की भी आधारशिला रखी। एक जनसभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि राज्य 2029 तक सभी पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र ने पहले 75,000 घरों को मंजूरी दी थी और उनके अनुरोध पर इसे बढ़ाकर तीन लाख कर दिया गया।

नायडू ने कहा कि चौहान वर्तमान बैच के पूरा होने के बाद तीन लाख और घर तथा अगले साल तीन लाख और घर मंजूर करने पर सहमत हो गए हैं, जिससे कुल आवंटन नौ लाख हो जाएगा। बुर्रिपालेम के महत्व को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह गांव दिग्गज अभिनेता सुपरस्टार कृष्णा की जन्मस्थली है।

नायडू ने 2019 से 2024 के बीच आवास कार्यक्रम के कथित कुप्रबंधन के लिए पिछली सरकार की आलोचना की। इस अवसर पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र आंध्र प्रदेश के विकास को पूरा समर्थन देगा। चौहान ने कहा कि केंद्र पीएम-किसान योजना के तहत हर पात्र किसान को सालाना 6,000 रुपये दे रहा है, जबकि आंध्र प्रदेश सरकार अन्नदाता सुखीभव योजना के तहत अतिरिक्त 14,000 रुपये दे रही है।