Breaking News in Hindi

विस्फोट से मरने वालों की संख्या नौ हुई, अनेक लापता

बोलीबिया के सैन्य ठिकाने पर धमाके की असली वजह पता नहीं

ला पाजः बोलीविया में एक सैन्य ठिकाने पर हुए भीषण विस्फोटों में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। घटना के तीन दिन बाद भी बचाव दल मलबे में लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। देश के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि सोमवार दोपहर मलबे से नौवां शव बरामद किया गया, जिसे पहचान के लिए मुर्दाघर भेज दिया गया है।

ला पाज़ से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित वियाचा के सैन्य बैरक में हुए इन धमाकों के बाद बोलीवियाई सेना के कमांडर हेक्टर अलारकोन ने बताया कि अभी भी सात लोग लापता हैं। स्वास्थ्य मंत्री मार्सेला फ्लोरेस के अनुसार, हादसे के बाद से कुल 84 लोगों का इलाज किया जा चुका है, जिनमें से 31 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। लापता और मृत लोगों में से कई 18 से 19 साल के युवा रंगरूट  हैं, जो देश की अनिवार्य सैन्य सेवा पूरी कर रहे थे।

यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर स्थानीय समयानुसार लगभग 2:30 बजे सैन्य परिसर के उस हिस्से में हुई, जिसका उपयोग आतिशबाजी और विस्फोटक सामग्री के भंडारण के लिए किया जाता था। अधिकारियों के मुताबिक, यहाँ जब्त किए गए पटाखे, हथगोले और टीएनटी आधारित विस्फोटक रखे गए थे। हालांकि घटना के सटीक कारणों की जांच जारी है, लेकिन राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज़ ने कहा कि यह हादसा बेस पर रखे विस्फोटकों के अनुचित रख-रखाव  के कारण हुआ लगता है। वियाचा के अभियोजकों ने संभावित गैर-इरादतन हत्या और अन्य अपराधों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राष्ट्रपति पाज़ ने राष्ट्रीय शोक की घोषणा करते हुए कहा कि सशस्त्र बल अपने सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा कर रहे हैं ताकि सैन्य कर्मियों और आसपास के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। धमाकों के कारण उठी तेज शॉकवेव से कई घरों की छतें उड़ गईं, खिड़कियां टूट गईं और दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद स्थानीय निवासियों को अस्थायी आश्रयों में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, पूर्व राष्ट्रपति इवो मोरालेस ने इस त्रासदी से निपटने के तरीके को लेकर पाज़ सरकार की तीखी आलोचना की है।