मध्य एशिया में जारी अशांति के बीच भारत की परेशानी बढ़ी
पहला जहाज सोमालिया में पकड़ा गया
सशस्त्र समुद्री लूटेरों ने यह कृत्य किया
दूसरे जहाज हथियार लेकर जा रहा था
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः यमन और सोमालिया में समुद्री लुटेरों द्वारा 22 भारतीयों सहित दो जहाजों का अपहरण हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि 20 अगस्त को यमन के तट से लगभग 30 समुद्री मील दूर अदन की खाड़ी में सशस्त्र समुद्री लुटेरों ने इरिट्रिया के झंडे वाले एक तेल उत्पाद टैंकर एम टी सिबु 1 का अपहरण कर लिया। इस जहाज पर 16 भारतीयों सहित कुल 20 चालक दल के सदस्य सवार थे।
उन्होंने बताया कि सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास 17 अगस्त को कैमरून के झंडे वाले एक अन्य मालवाहक जहाज का भी समुद्री लुटेरों द्वारा अपहरण कर लिया गया, जिसके 10 चालक दल के सदस्यों में छह भारतीय शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि नवीनतम जानकारी के अनुसार, सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
तुर्की के हथियार ले जा रहे एम/वी लुटफ को सोमवार को जब्त कर लिया गया था और समुद्री लुटेरे इसे क्षेत्र के नुगाल तट की ओर ले गए। यह जहाज पुंटलैंड के इयल जिले में मार्रेया से लगभग साढ़े तीन समुद्री मील दूर पकड़ा गया था। संवेदनशील जानकारी पर सार्वजनिक रूप से बोलने के लिए अधिकृत नहीं होने के कारण, अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पोलर मूवमेंट शिपिंग के स्वामित्व वाला यह जहाज मोगादिशु में तुर्की के एक सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए हथियार, संचार और उपग्रह उपकरण लेकर जा रहा था। इस 10 सदस्यीय चालक दल में छह भारतीय, एक तुर्की नागरिक, एक जॉर्जियाई और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल थे।