महाराष्ट्र के नांदेड़ के प्रसिद्ध गुरुद्वारा में हुआ ऐसा
कृपाण से किया था यह हमला
हमलावर को गिरफ्तार किया गया
हमलावर इसी गुरुद्वारा में रहता है
राष्ट्रीय खबर
मुंबईःगुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर एक जानलेवा हमला हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक, माता साहिब गुरुद्वारे में एक निहंग सिख ने सुखबीर बादल पर कृपान से हमला कर दिया। हालांकि, सतर्कता बरतते हुए हमलावर को तुरंत पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
इस अचानक हुए हमले के बाद सुखबीर बादल को तत्काल नांदेड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना के दौरान बादल की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी संतोष केंद्रे भी घायल हो गए हैं।
नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह घटना नांदेड़ के मुगा गांव स्थित गुरुद्वारा माता साहिब में हुई। एसपी कार्यालय ने बताया कि पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल इन दिनों नांदेड़ जिले के दौरे पर हैं। आज, 13 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:50 बजे, जब वह मुगा गांव (तहसील मुडखेड़) के गुरुद्वारा माता साहिब देवा जी में अपने दर्शन और अरदास पूरे करके लौट रहे थे, तभी वहां मौजूद एक सिख सेवादार ने उन पर कटार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
सूत्रों से यह भी पता चला है कि जब बादल माथा टेकने के बाद सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे, तब यह अप्रिय घटना घटी। इस दौरान उनके साथ उनका परिवार भी मौजूद था, जिनमें उनकी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी शामिल थीं। हमलावर की पहचान जसपाल सिंह नामक एक निहंग सिख के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर पिछले दो वर्षों से इसी गुरुद्वारे में सेवा दे रहा था। घटना के तुरंत बाद सामने आए एक वीडियो में सुखबीर बादल अपने दाहिने हाथ पर भगवा कपड़ा बांधे हुए चलते नजर आए।
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने सुखबीर बादल के पेट पर वार करने की कोशिश की थी, लेकिन मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचवा कर और उसे रोकने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।अकाली दल के सूत्रों ने बताया कि इस हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट आई है, लेकिन गनीमत यह है कि उनकी चोट खतरे से बाहर है। नांदेड़ के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों ने उनके हाथ में आए घाव पर टांके लगाए हैं।
इस सनसनीखेज हमले की खबर मिलते ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत की और पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को इस हमले के पीछे की असली मंशा का पता लगाने और निष्पक्ष जांच करने के कड़े निर्देश दिए हैं।