Breaking News in Hindi

प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल-प्रियंका का प्रदर्शन

नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज के खिलाफ पीएम आवास तक जा पहुंचे

नईदिल्लीः नीट (NEET) परीक्षा पत्र लीक और जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने अपना आंदोलन और तेज कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल और पवन खेड़ा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास (लोक कल्याण मार्ग) के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई प्रमुख कांग्रेस सांसदों और नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई और बदसलूकी पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन छात्रों के साथ-साथ विपक्षी नेताओं के साथ भी दुर्व्यवहार कर रहा है। संसद में विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जब संसद में भी सुनने को कोई तैयार नहीं है, तो वे अपनी बात कहां रखें।

वहीं, कांग्रेस सांसद माणिकम टैगोर ने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व प्रधानमंत्री से मिलकर अपनी मांगें रखना चाहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास के अंदर जाने से रोक दिया और सभी सांसदों को हिरासत में ले लिया। टैगोर ने कहा कि शिक्षा मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए और दिल्ली पुलिस की मनमानी तथा लाठीचार्ज के लिए प्रधानमंत्री व गृह मंत्री को सीधी जवाबदेही लेनी चाहिए।

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व केवल छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने विचार प्रस्तुत करने आया था। हिरासत में लिए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सत्तारूढ़ दल पर हमला बोलते हुए कहा, यह भाजपा की तानाशाही और तानाशाही रवैया है, जहां छात्रों की जायज मांगों को अनसुना किया जा रहा है। वहीं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने चिंता जताते हुए कहा कि जब देश के निर्वाचित सांसदों के साथ पुलिस ऐसा बर्ताव कर सकती है, तो आम छात्रों के साथ क्या हो रहा होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।