राज्य सरकार के तमाम विरोध के बाद भी अदालती राहत
-
बिड़ला तारामंडल के पास होगी रैली
-
सिर्फ ढाई हजार लोगों की अनुमति
-
वार्षिक शहीद दिवस बड़ा कार्यक्रम
राष्ट्रीय खबर
कोलकाताः कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बुधवार को ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को कुछ शर्तों के साथ बिरला तारामंडल के सामने सड़क पर अपनी वार्षिक शहीद दिवस जनसभा आयोजित करने की अनुमति दे दी है। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने निर्देश दिया कि पार्टी सड़क पर जुटने वाली भीड़ को 2,500 तक सीमित रखने का प्रयास करे। इसके साथ ही यह बैठक सड़क के केवल एक हिस्से (फ्लैंक) तक ही सीमित रहनी चाहिए, जबकि दूसरा हिस्सा यातायात के लिए पूरी तरह खुला रखा जाएगा।
यह वही ऐतिहासिक सभा है जो अमूमन कोलकाता के मध्य में स्थित एस्प्लेनेड क्षेत्र में आयोजित की जाती थी, जहां लाखों समर्थकों को लाने की होड़ मची रहती थी। पिछले वर्षों में इस रैली के लाउडस्पीकर चौरंगी रोड पर लगभग 2.5 किलोमीटर दूर बिरला तारामंडल तक फैले रहते थे। हालांकि, इस साल यह बैठक कैथेड्रल रोड के दक्षिण की ओर जाने वाले हिस्से पर आयोजित की जाएगी, जो एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स की तरफ बढ़ता है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि उत्तर की ओर जाने वाले हिस्से को यातायात के लिए खुला रखना होगा। न्यायाधीश ने यह भी कहा, पार्टी के कम से कम 20 स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) के नाम और संपर्क नंबर 18 जुलाई तक कोलकाता पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त को सौंपने होंगे।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओब्रायन द्वारा दायर एक रिट याचिका में मांग की गई थी कि पार्टी को परंपरा का पालन करने और पिछले वर्षों की तरह एस्प्लेनेड में विक्टोरिया हाउस के सामने अपनी रैली आयोजित करने की अनुमति दी जाए। राज्य सरकार ने इस प्रार्थना का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि पुलिस ने पार्टी के ही एक बागी गुट को भी उसी स्थान पर अपना कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
इस पर कल्याण बनर्जी ने वैकल्पिक प्रस्ताव देते हुए कहा, उस बागी गुट को मेयो रोड पर महात्मा गांधी की मूर्ति के पास रैली करने की अनुमति दी गई है और शहीद मीनार मैदान एक अन्य पार्टी को आवंटित किया गया है। इसलिए हमें बिरला तारामंडल के पास रैली करने की अनुमति दी जाए।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने राज्य को किसी भी राजनीतिक दल के मौलिक अधिकारों की याद दिलाते हुए कहा, रैली आयोजित करना पार्टी का मौलिक अधिकार है। अदालत इससे कैसे इनकार कर सकती है? अदालत आपको कुछ समय दे रही है, अपने मुवक्किल (पुलिस) से पूछें कि याचिकाकर्ता की पार्टी को अपना कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति कहां दी जा सकती है—विक्टोरिया हाउस या बिरला तारामंडल के पास। अंततः अदालत ने शर्तों के साथ तारामंडल के सामने रैली की अनुमति प्रदान की।