Breaking News in Hindi

भाजपा वाले नये मुगल बन लूट रहे हैः संजय राउत

अयोध्या दान की चोरी के खुलासों की बीच तीखा हमला

राष्ट्रीय खबर

मुंबईः शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने हाल ही में अयोध्या के राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और दान में दी गई राशि व आभूषणों की चोरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है।

राउत ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के दान पात्र से करोड़ों रुपये की हेराफेरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि मंदिर के चढ़ावे से 5 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी हुई है और इस घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा जो अक्सर मुगलों द्वारा मंदिरों को लूटने की बात करती है, आज खुद उसी की सरकार में नए मुगल मंदिर को लूट रहे हैं।

संजय राउत का कहना है कि मंदिर से केवल नकदी ही नहीं, बल्कि सोने-चांदी के आभूषण भी गायब हैं। उन्होंने इसे राम मंदिर पर एक डकैती करार दिया है।  राउत ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश, दोनों जगह भाजपा की सरकार है, फिर भी अयोध्या में राम मंदिर सुरक्षित नहीं है। उन्होंने भाजपा नेताओं को नए गजनवी की संज्ञा दी।

इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी एक याचिका दायर की गई है, जिसमें इस कथित घोटाले की सीबीआई के नेतृत्व वाली एक विशेष जांच टीम से निगरानी में जांच कराने की मांग की गई है। याचिका में मंदिर के दान, ऑडिट रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज जैसे सभी साक्ष्यों को संरक्षित करने का आग्रह किया गया है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। जांच में मंदिर के दान के प्रबंधन, नकदी गिनने की प्रक्रिया, कर्मचारियों की नियुक्ति और सीसीटीवी निगरानी में गंभीर खामियां और लापरवाही पाई गई है।

राउत ने आरएएस प्रमुख मोहन भागवत से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। वहीं, मंदिर ट्रस्ट ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है और अपनी कार्यप्रणाली का बचाव किया है। यह मामला इस समय देश की राजनीति में एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है, जहाँ विपक्ष लगातार पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।