Breaking News in Hindi

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का चौथे दिन प्रदर्शन

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ साथ सतर्कता जारी

  • पुलिस पर गड़बड़ी का फिर आरोप

  • गोदी मीडिया वालों की हो गयी पहचान

  • हर इलाके पर स्वयंसेवकों की कड़ी नजर

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः नई दिल्ली में मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन चौथे दिन में प्रवेश कर गया है। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान सड्डा हक के नारों और संदेशे आते हैं जैसे गीतों के साथ माहौल गूंज रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस पर विरोध स्थल को छोटा करने के लिए रात के अंधेरे में बैरिकेड्स हटाने और ट्रक लाने का आरोप लगाया है।

सीजेपी का दावा है कि पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दायरे को सीमित करने की कोशिश की, लेकिन सतर्क प्रदर्शनकारियों ने समय रहते इसे रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, कॉकरोच जाग रहे हैं और व्यवस्था से लड़ रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। दूसरी तरफ गोदी मीडिया के लोगों का वहां चुन चुनकर विरोध किया जा रहा है। वैसे मीडिया वाले, जिनपर एजेंडा चलाने का आरोप है, वहां आते ही प्रदर्शनकारी उन्हें घेर रहे हैं। बचाव में दिल्ली पुलिस के लोग उन्हें बाहर ले जा रहे हैं।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने परीक्षा अनियमितताओं और नीट पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्र पर हमला तेज कर दिया है। दिपके ने कहा, आप चार मिनट की देरी बर्दाश्त नहीं कर सकते, तो हम छात्रों की मौतों के बाद शिक्षा मंत्री को कैसे बर्दाश्त करें? वे कह रहे हैं कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा दें। पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को वित्तीय सहायता मिले। नीट परीक्षा को पूरी तरह रद्द किया जाए।

बिहार से आए एक छात्र ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, नीट रद्द होने और दोबारा परीक्षा के मानसिक तनाव ने हमें बुरी तरह प्रभावित किया है। जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। यह सीजेपी का परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर दूसरा बड़ा प्रदर्शन है, जिसमें संगठन केंद्र सरकार और शिक्षा प्राधिकरणों से जवाबदेही की मांग कर रहा है।