Nanded Sahib Special Train Route: श्रद्धालुओं की मौज! अयोध्या के बाद नांदेड़ साहिब के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, पात्रता और रजिस्ट्रेशन की पूरी जानकारी
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के बुजुर्गों के लिए एक और बड़ी सौगात दी है। ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के सफल क्रियान्वयन को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अयोध्या में रामलला के दर्शनों के बाद, अब अगली विशेष तीर्थ ट्रेन अप्रैल के अंत में महाराष्ट्र स्थित नांदेड़ साहिब (तख्त श्री हजूर साहिब) के लिए रवाना होगी।
हाल ही में हरियाणा सरकार और भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते के तहत अब बुजुर्गों को बसों के बजाय विशेष ट्रेनों के माध्यम से तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। प्रत्येक विशेष ट्रेन में 11 कोच होंगे, जिनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और 1 कोच सहायक स्टाफ के लिए आरक्षित रहेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। योजना के तहत केवल वही वरिष्ठ नागरिक पात्र हैं जो 60 वर्ष या उससे अधि हो, परिवार की वार्षिक आय (पीपीपी के अनुसार) 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। इसके साथ ही पंजीकरण के लिए परिवार पहचान पत्र (PPP) अनिवार्य है।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक श्रद्धालु हरियाणा सरकार के आधिकारिक तीर्थ दर्शन पोर्टल या सरल पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान बुजुर्गों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर वह बुजुर्ग, जो आर्थिक तंगी के कारण तीर्थ यात्रा नहीं कर पाया, वह सम्मानपूर्वक पवित्र स्थलों के दर्शन कर सके। अयोध्या के बाद अब नांदेड़ साहिब की यह यात्रा इसी कड़ी का हिस्सा है।