Breaking News in Hindi

कांग्रेस विभाजनकारी राजनीति करती हैः नरेंद्र मोदी

असम में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत

  • असम में चुनाव प्रचार का पहला कदम

  • कई उग्रवादी संगठनों के 15 लोग गिरफ्तार

  • अफीम के खेतों से गोलीबारी उखरुल में हुई

भूपेन गोस्वामी

गुवाहाटीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के कोकराझाड़ और गुवाहाटी में 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने बोडो प्रादेशिक परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए 1,500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि दशकों तक हिंसा और रक्तपात का सामना करने वाला बोडो क्षेत्र अब स्थिरता और प्रगति के नए युग में प्रवेश कर चुका है, जहाँ हजारों युवाओं ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा को चुना है।

प्रधानमंत्री ने असम के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए असम माला 3.0, चार फ्लाईओवर, दो प्रमुख पुलों और कोकराझाड़ में रेलवे ओवरहालिंग कार्यशाला की आधारशिला रखी। कनेक्टिविटी को बढ़ावा देते हुए उन्होंने कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस सहित तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।

इसके अतिरिक्त, राज्य के 34 जिलों में 36 नए पुलों और गुवाहाटी में 19,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। ऊर्जा क्षेत्र में, नुमालीगढ़-सिलीगुड़ी पाइपलाइन की क्षमता विस्तार और पूर्वोत्तर गैस ग्रिड के पहले चरण का उद्घाटन क्षेत्र की ऊर्जा सुरक्षा को नई दिशा देगा। जलमार्ग विकास के तहत विश्वनाथ घाट और नीमाती में क्रूज टर्मिनलों तथा बोगीबील में समुद्री उत्कृष्टता केंद्र की आधारशिला भी रखी गई।

प्रधानमंत्री ने न केवल बुनियादी ढांचे बल्कि सामाजिक न्याय पर भी ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने चाय बागान श्रमिकों को भूमि के पट्टे सौंपे और देश के 9.3 करोड़ किसानों के खातों में पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त के रूप में 2,000 रुपये सीधे हस्तांतरित किए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने बोडो क्षेत्र की उपेक्षा की और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा दिया, जबकि वर्तमान सरकार शांति और विकास के माध्यम से उन गलतियों को सुधार रही है।

पड़ोसी राज्य मणिपुर में सुरक्षा बल उग्रवाद के खिलाफ मुस्तैद हैं। हालिया अभियानों में पुलिस ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी और केसीपी जैसे प्रतिबंधित संगठनों के तीन सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। चुराचांदपुर और थोउबल जिलों में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में हथियार, देसी राइफलें, एके राइफल, हैंड ग्रेनेड और विस्फोटक बरामद किए गए।

उखरुल जिले में अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई के दौरान झोपड़ियों को जलाने और किसानों को हिरासत में लेने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इन घटनाओं के संबंध में मणिपुर पुलिस ने तीन प्राथमिकी (FIR) दर्ज की हैं। वर्तमान में सुरक्षा बल संवेदनशील इलाकों में शांति बनाए रखने और उग्रवादी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।