Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
SL Squad for India Test: खेल मंत्री लगाएंगे अंतिम मुहर, श्रीलंका टीम चयन से पहले बोर्ड की बढ़ी मुश्कि... Bollywood on NEET Protest: सलमान खान के बाद अब आलिया भट्ट ने किया छात्रों का सपोर्ट, बॉलीवुड से मिल ... US Iran Conflict: अमेरिका के लगातार हमलों से दहला ईरान, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ट्रंप ने दी बड़ी चेता... BCCI Title Rights: बीसीसीआई ने घरेलू मैचों के स्पॉन्सरशिप राइट्स का बेस प्राइस 15% से ज्यादा बढ़ाया Recharge Plan Expiry: क्या रिचार्ज खत्म होते ही बंद हो सकती है इनकमिंग कॉल? संसद में उठा बड़ा सवाल, ... Krishna’s Peacock Feather: भगवान श्रीकृष्ण क्यों लगाते हैं मुकुट में मोर पंख? जानिए त्रेता युग से जु... Periods Health Tips: क्या पीरियड्स के दौरान ठंडा पानी पीने से बढ़ता है दर्द? जानिए एक्सपर्ट की राय हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: दुष्कर्म और POCSO के झूठे मामले में फंसे बेगुनाह युवक की F... पेपर लीक पर पीएम मोदी के ऐलान को CJP ने बताया 'टूटी हड्डी पर बैंड-एड', शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की म... Ganga Expressway News: यूपी के ड्रीम प्रोजेक्ट की खुली पोल, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे गंभीर स...

“सिर्फ बॉलीवुड के सुल्तान नहीं, बिजनेस किंग भी हैं सलमान”: एक्टिंग के पीछे छिपा है कमाई का असली ‘सीक्रेट’, जानकर रह जाएंगे दंग

बॉलीवुड में कई हीरो आए और गए, लेकिन सलमान का जलवा ही अलग है. आज यानी 27 दिसंबर को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार सलमान खान 60 साल के हो गए हैं. बॉलीवुड में ‘भाईजान’ के नाम से मशहूर सलमान खान सिनेमा के पर्दे पर सुल्तान तो हैं ही साथ ही कमाई के मामले में भी उनका कोई सानी नहीं है. अक्सर फैंस को लगता है कि उनके चहेते सितारे की कमाई केवल फिल्मों या बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से होती है, लेकिन असलियत इससे कहीं ज्यादा बड़ी है. सलमान खान ने पिछले तीन दशकों में खुद को एक ब्रांड के तौर पर स्थापित किया है. फोर्ब्स इंडिया और मीडिया रिपोर्ट्स के आंकड़ों पर नजर डालें तो सलमान खान करीब 2900 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं.

सिर्फ एक्टिंग फीस नहीं, मुनाफे में भी बड़ी हिस्सेदारी

आमतौर पर अभिनेता एक फिल्म के लिए फिक्स फीस लेते हैं, लेकिन सलमान खान का तरीका थोड़ा अलग है. रिपोर्ट्स बताती हैं कि वे अपनी हर फिल्म प्रोजेक्ट के लिए 100 से 150 करोड़ रुपये तक की फीस वसूलते हैं. हालांकि, उनकी असली कमाई का राज ‘प्रॉफिट शेयरिंग’ में छिपा है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान अपनी फिल्मों के मुनाफे में 60 से 70 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी रखते हैं. यानी फिल्म हिट होने पर प्रोड्यूसर से ज्यादा मुनाफा सलमान की जेब में जाता है. इसके अलावा, उनका अपना प्रोडक्शन हाउस ‘सलमान खान फिल्म्स’ (SKF) है, जिसने ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘चिल्लर पार्टी’ जैसी सफल फिल्में बनाई हैं. प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन का यह काम उनकी आय का एक बहुत मजबूत स्तंभ है.

चैरिटी के साथ बिजनेस का स्मार्ट मॉडल

सलमान खान की नेटवर्थ में उनके फाउंडेशन ‘बीइंग ह्यूमन’ का बहुत बड़ा योगदान है. साल 2012 में शुरू हुआ ‘बीइंग ह्यूमन क्लोथिंग’ ब्रांड आज एक अंतरराष्ट्रीय नाम बन चुका है. दिलचस्प बात यह है कि यह ब्रांड सिर्फ कपड़े बेचकर मुनाफा नहीं कमाता, बल्कि इसका एक बिजनेस मॉडल है जो सीधे सामाजिक कार्यों से जुड़ा है. इस ब्रांड के देश भर में 90 से ज्यादा स्टोर्स हैं और यूरोप व मिडिल ईस्ट में भी इसकी पहुंच है. यहां से होने वाली कमाई का इस्तेमाल फाउंडेशन के जरिए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं, जैसे हार्ट सर्जरी और कैंसर रोगियों की मदद के लिए किया जाता है. यह सलमान की एक ऐसी इनवेस्टमेंट है जो उन्हें दौलत के साथ-साथ दुआएं भी देती है.

फिटनेस और ग्रूमिंग से करोड़ों की कमाई

सलमान खान को फिटनेस का आइकन माना जाता है और उन्होंने अपने इसी शौक को एक प्रॉफिटेबल बिजनेस में बदल दिया है. उन्होंने ‘SK-27’ नाम से जिम की चेन शुरू की और उसके बाद ‘बीइंग स्ट्रॉन्ग’ नाम से फिटनेस इक्विपमेंट की सीरीज लॉन्च की. आज देश के बड़े शहरों में उनके जिम और उपकरण इस्तेमाल किए जा रहे हैं. इसके अलावा कोरोना काल के दौरान सलमान ने ग्रूमिंग मार्केट में भी कदम रखा और ‘FRSH’ नाम का ब्रांड लॉन्च किया. इसमें सैनिटाइजर से लेकर परफ्यूम तक के प्रोडक्ट्स शामिल हैं, जो मार्केट में अच्छी पकड़ बना चुके हैं.

टीवी और विज्ञापनों का बेताज बादशाह

बड़े पर्दे के अलावा छोटे पर्दे पर भी सलमान खान का एकछत्र राज है. रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ को होस्ट करने के लिए वे मेकर्स से मोटी रकम वसूलते हैं. खबरों की मानें तो बिग बॉस के हालिया सीजन के लिए उन्होंने वीकली 45 से 50 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं, जो किसी भी फिल्म की फीस से कम नहीं है. वहीं, ब्रांड एंडोर्समेंट की दुनिया में सलमान का चेहरा विश्वास का प्रतीक है. वे हीरो होंडा, रियलमी और ब्रिटानिया जैसे बड़े ब्रांड्स का विज्ञापन करते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान एक विज्ञापन के लिए करीब 6 से 7 करोड़ रुपये फीस लेते हैं. इन सभी जरियों से सलमान खान सालाना करीब 250 करोड़ रुपये की कमाई करते हैं, जो उन्हें देश के सबसे अमीर अभिनेताओं की लिस्ट में शामिल करता है.