Breaking News in Hindi

बिहार के दबंग सांसद पिता ने दी भावुक बधाई

केकेआर ने खरीदा पप्पू यादव के बेटे सार्थक को

कोलकाताः कोलकाता नाइट राइडर्स ने अबू धाबी में आयोजित आईपीएल मिनी-नीलामी के दौरान काफी सक्रियता दिखाई। केकेआर ने 2026 सीजन के लिए अपनी टीम में कुल 13 नए खिलाड़ियों को जोड़ा। 64.30 करोड़ रुपये के सबसे बड़े पर्स के साथ उतरी केकेआर ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदकर इतिहास रच दिया। लेकिन इन बड़े नामों के बीच एक नाम ने सबका ध्यान खींचा, वह था सार्थक रंजन का। सार्थक, निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के बेटे हैं।

घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले सार्थक रंजन को केकेआर ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में बेटे के चयन पर पप्पू यादव ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने एक्स पर लिखा, बधाई हो बेटू! जमकर खेलो और अपनी प्रतिभा के दम पर अपनी पहचान बनाओ। अपनी चाहत पूरी करो। अब सार्थक के नाम से हमारी पहचान बनेगी।यह संदेश सार्थक के संघर्ष और उनके पिता के गर्व को दर्शाता है।

सार्थक रंजन के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक दिल्ली के लिए 2 प्रथम श्रेणी, 4 लिस्ट-ए और 5 टी20 मैच खेले हैं। हालांकि उनके आंकड़े अभी बहुत प्रभावशाली नहीं हैं, लेकिन केकेआर के स्काउट्स ने निश्चित रूप से उनमें कुछ विशेष देखा होगा। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 28 रन और लिस्ट-ए में 105 रन दर्ज हैं। आईपीएल जैसे बड़े मंच पर मिलना सार्थक के लिए अपने करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक सुनहरा अवसर है, जहाँ वे दिग्गज खिलाड़ियों और कोचों के सानिध्य में खुद को निखार सकेंगे।