G20 शिखर सम्मेलन के लिए PM मोदी दक्षिण अफ्रीका पहुंचे! ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ के थीम पर करेंगे संबोधित, दुनिया की नजर भारत पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को 3 दिवसीय यात्रा पर दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री मोदी जी20 शिखर सम्मेलन से इतर छठे आईबीएसए (भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका) शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे. अफ्रीका में पहली बार जी20 शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है.
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यात्रा की जानकारी देते हुए लिखा, ‘जी20 शिखर सम्मेलन जुड़े कामों के लिए जोहान्सबर्ग पहुंचा हूं. दुनिया के नेताओं के साथ जरूरी वैश्विक मुद्दों पर अच्छी बातचीत का इंतजार है. हमारा फोकस सहयोग को मजबूत करने, डेवलपमेंट की जरूरतों को आगे बढ़ाने और सभी के लिए बेहतर भविष्य पक्का करने पर होगा.’ इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि वह वसुधैव कुटुंबकम तथा एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य की भावना के अनुरूप भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे.
कई नेताओं से भी करेंगे मुलाकात
शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री के जोहानिसबर्ग में उपस्थित कुछ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने की भी संभावना है. वहां वह छठे आईबीएसए (भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका) शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे. पीएम मोदी इस दौरान अन्य देशों को नेताओं से मुलाकात के दौरान व्यापार के अलावा कई मुद्दों पर बात करेंगे.
रनवे पर लेटकर पीएम मोदी के प्रति दिखाया सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दक्षिण अफ्रीका की यात्रा के दौरान जोहानिसबर्ग एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका स्वागत भव्य अंदाज में किया गया है. भारतीय समुदाय और स्थानीय नागरिकों ने पीएम मोदी के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने के लिए रनवे पर लेट कर सम्मान दिखाया. बताया जा रहा है कि यह गेस्चर भारतीय संस्कृति में मान्यता प्राप्त पारंपरिक अभिवादन का प्रतीक है. पीएम मोदी भी इस अंदाज को देखकर खुश दिखाई दिए.
जी20 समूह का लगातार चौथा शिखर सम्मेलन
प्रधानमंत्री विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन के तीनों सत्रों को संबोधित करेंगे। यह जी20 समूह का लगातार चौथा शिखर सम्मेलन होगा, जो ग्लोबल साउथ में आयोजित किया जा रहा है. दक्षिण अफ्रीका से पहले जी20 की अध्यक्षताएं क्रमशः ब्राजील (2024), भारत (2023) और इंडोनेशिया (2022) द्वारा की गई थीं.
जी20 समूह में ये देश शामिल
जी20 देशों में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका, यूरोपीय संघ और अफ्रीकी संघ शामिल हैं.