आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर ‘संविधान हत्या दिवस‘
दीपक नौरंगी
भागलपुरः श्रम संसाधन मंत्री सह भागलपुर प्रभारी, संतोष कुमार सिंह, का भागलपुर आगमन पर भाजपा नेता दिलीप मिश्रा और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मंत्री सिंह ने यहां पहुंचते ही श्रवणी मेला की तैयारियों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ पूर्व व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
देखें इससे संबंधित वीडियो
बैठक के दौरान, प्रभारी मंत्री संतोष सिंह ने आगामी विधानसभा चुनावों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा को चुनाव की तैयारी की कोई खास आवश्यकता नहीं है, क्योंकि एनडीए बिहार में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। भागलपुर में विकास की धीमी गति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “पहले तो काम होता ही नहीं था, अब काम भी हो रहा है और विकास भी आपको दिख रहा है।”
इसी बीच, मंत्री सिंह ने देश में 50 साल पहले आज ही के दिन घोषित आपातकाल का भी जिक्र किया। भाजपा इस दिन को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मना रही है और आपातकाल के भयावह किस्सों को घर-घर तक पहुंचाने की योजना बना रही है। इसी कड़ी में, भाजपा द्वारा विभिन्न जिलों में संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भागलपुर में हुई संगोष्ठी में प्रभारी मंत्री संतोष सिंह ने जेपी सेनानियों को सम्मानित किया और कार्यकर्ताओं व आम लोगों के सामने आपातकाल के काले दौर की घटनाओं को विस्तार से बताया। उन्होंने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश और विदेश में संविधान लेकर घूमते हैं, लेकिन कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान जनता के साथ कैसा व्यवहार किया था, यह जनता को बताया जाएगा।
मंत्री सिंह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि देश का हर बच्चा और हर नागरिक आपातकाल के इतिहास को समझे। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का चुनाव के प्रति मोह केवल राजनीतिक है और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के निधन के बाद कांग्रेस ने उन्हें दो गज जमीन भी नहीं दी थी। उन्होंने चेतावनी दी कि देश को फिर से आपातकाल जैसी स्थिति का दंश नहीं झेलना चाहिए, जैसा कि हिटलरशाही, तैमूर लंग और मुस्लिम शासकों के दौर में लोगों ने झेला था।
देर शाम, मंत्री संतोष सिंह भागलपुर सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और गुरुवार को होने वाली बैठक के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।