Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
Govinda Karisma Kapoor Movies Breakup: क्यों टूटी गोविंदा और करिश्मा कपूर की सुपरहिट जोड़ी? शगुफ्ता ... भारत बनाम जिम्बाब्वे T20I: अभिषेक शर्मा ने गेंद से मचाया तहलका, 14 साल बाद दोहराया सहवाग का ऐतिहासिक... रूस-यूक्रेन युद्ध में भीषण पलटवार, जपोरिज्जिया में 12 और सुमी में 3 लोगों की मौत से बढ़ा तनाव बैंक ग्राहकों के लिए अच्छी खबर, इस सप्ताह सोमवार से शनिवार तक खुले रहेंगे सभी सरकारी और निजी बैंक बच्चों के लिए ज्यादा सुरक्षित होगा ChatGPT, OpenAI ने पेश किए नए 'टीन फीचर्स' और चाइल्ड सेफ्टी ब्लूप... आज आषाढ़ मास का रवि प्रदोष व्रत, जानें प्रदोष काल पूजा विधि और महादेव की कृपा पाने के विशेष उपाय मानसून के मौसम में जन्नत जैसा अहसास कराता है 'बादलों का घर' मेघालय, हरियाली और वादियों का लें मज़ा नोएडा सेक्टर-150 की एल्डिको सोसाइटी में दर्दनाक हादसा, STP टैंक में जहरीली गैस से दो लोगों की मौत Amroha Three Sisters Marriage Law: अमरोहा में 3 बहनों से शादी का मामला; जानिए हिंदू मैरिज एक्ट और BN... संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी डबल डेकर बस; 2 की मौत और 24 घायल

ओडिशा में मौसम का जानलेवा कहर देखने को मिला

ओलावृष्टि में दो मरे 67 लोग घायल

राष्ट्रीय खबर

भुवनेश्वरः पिछले 24 घंटों में ओडिशा में अलग-अलग जगहों पर बारिश, आंधी और बिजली गिरने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, 67 अन्य घायल हो गए और 600 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए, अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शनिवार को गंजम और पुरी जिलों में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और मयूरभंज जिले में ओलावृष्टि की चपेट में आने से 67 लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि उनमें से सात की हालत गंभीर है और उन्हें मयूरभंज जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गंजम जिले से मिली एक रिपोर्ट में कहा गया है कि जिले के कई इलाकों में आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश हुई। बेमौसम बारिश के कारण बरहामपुर शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।

गंजम जिले के पात्रपुर ब्लॉक में नारायणपुर के पास शनिवार को बिजली गिरने से कक्षा 10 के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश कुमार गौड़ (15) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि वह बामकेई से अपने घर लौट रहा था, तभी बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुरी जिले से मिली खबर के अनुसार, शनिवार को गोबरधनपुर गांव में बिजली गिरने से मनोज कुमार नायक (23) की मौत हो गई। वह अपने माता-पिता के साथ भारी बारिश के कारण हुए अतिरिक्त पानी को निकालने के लिए धान के खेत में गया था।

मयूरभंज जिले में ओलावृष्टि के कारण करीब 600 घर क्षतिग्रस्त हो गए। जिला कलेक्टर हेमा कांत साय ने संवाददाताओं को बताया कि जिला प्रशासन ने मयूरभंज के दो सबसे अधिक प्रभावित ब्लॉक बिसोई और बांगीरपोसी में राहत और पुनर्वास अभियान शुरू किया है। जिला कलेक्टर ने कहा, ओलावृष्टि से बिसोई और बांगीरपोसी ब्लॉक बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

350 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि 250 अन्य आवास इकाइयां आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं। बिसोई के अंतर्गत 18 गांव और बांगिरिपोसी ब्लॉक के 39 गांव प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने दोनों ब्लॉकों में राहत और पुनर्वास अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घर नष्ट हो गए हैं, उन्हें नियमों के अनुसार पॉलीथीन शीट, पका हुआ और सूखा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

ओडिशा के शहरी विकास मंत्री केसी महापात्रा ने बिसोई क्षेत्र का दौरा किया और कहा: बहुत बड़ा नुकसान हुआ है, क्योंकि ओलावृष्टि में कई लोगों के घर नष्ट हो गए हैं। मुख्यमंत्री को घटनाओं की जानकारी है और लोगों को दो दिनों के भीतर मुआवजा दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि मयूरभंज के अलावा, क्योंझर, नबरंगपुर और नुआपाड़ा जिलों से भी घरों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें मिली हैं, जहां ओलावृष्टि, बिजली और बारिश हुई है।

पिछले 36 घंटों में कम से कम चार जिलों में ओलावृष्टि ने तबाही मचाई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को अगले तीन दिनों के दौरान ओडिशा के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, बिजली और तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है।