सीरिया का फिर से हिजबुल्लाह पर आतंकी साजिश का आरोप
दमिश्क: सीरियाई सुरक्षा बलों ने मध्य सीरिया स्थित होम्स तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में लेबनान के सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह से जुड़े एक सेल के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। सीरिया की जनरल इंटेलिजेंस सर्विस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि आंतरिक सुरक्षा बलों के साथ मिलकर एक पूर्व-निवारक सुरक्षा अभियान चलाया गया। हालांकि सुरक्षा कारणों से अभियान के सटीक समय और स्थान का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस ने दो संदिग्धों—एम.एस. और बी.शॉ.—को गिरफ्तार कर उनके पास से साजिश को अंजाम देने के लिए तैयार किए गए विस्फोटक उपकरण जब्त किए हैं।
दूसरी ओर, हिजबुल्लाह ने सीरियाई आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। संगठन ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि सीरियाई क्षेत्र में उसकी कोई मौजूदगी नहीं है और वह देश की सुरक्षा या स्थिरता को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं है।
गौरतलब है कि सीरिया के करीब 14 साल लंबे गृहयुद्ध के दौरान हिजबुल्लाह ने पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद की सेना के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी। लेकिन 2024 में असद की सत्ता के तख्तापलट के बाद से दमिश्क और हिजबुल्लाह के बीच संबंधों में भारी गिरावट आई है। सीरियाई अधिकारी इससे पहले भी हिजबुल्लाह पर लक्षित हत्याओं, रॉकेट हमलों और हथियारों की तस्करी जैसी साजिशों में शामिल होने के आरोप लगाते रहे हैं। बानियास रिफाइनरी के साथ होम्स रिफाइनरी सीरिया की दो प्रमुख तेल रिफाइनरियों में से एक है, जो देश की पेट्रोलियम आपूर्ति में मुख्य भूमिका निभाती है।
हिजबुल्लाह के अलावा, सीरियाई सुरक्षा एजेंसियां आईएसआईएल के नेटवर्क के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई कर रही हैं। रविवार को देर अज़-ज़ौर प्रांत से संदिग्ध आईएसआईएल सेल के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये संदिग्ध प्रांत में कई लक्षित हत्याओं में शामिल थे, जिसमें मयादीन शहर में अल-रशीद मस्जिद के पास रक्षा मंत्रालय के अधिकारी इब्राहिम अल-जासिम की गोली मारकर की गई हत्या भी शामिल है।
इससे पहले 27 सितंबर को भी सुरक्षा बलों ने देश के विभिन्न हिस्सों में हमलों की योजना बनाने वाले आईएसआईएल के चार आतंकवादियों को दबोचा था। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह समूह रक्का, अलेप्पो, इदलिब और होम्स में हुए कई विस्फोटों और हत्याओं के लिए जिम्मेदार रहा है।