Breaking News in Hindi

ममता बनर्जी पर हमले का प्रयास विफल

कपड़े में छिपाकर चाकू लायी थी हमलावर महिला

अचानक उनकी तरफ दौड़ने लगी थी

शायद वह नशे की हालत में भी थी

रोका गया तो गालियां देने लगी

राष्ट्रीय खबर

कोलकाताः तृणमूल कांग्रेस के ममता गुट ने आरोप लगाया है कि कोलकाता के कालीघाट स्थित आवास के बाहर जब पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करने के लिए बाहर निकल रही थीं, तब एक महिला ने उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। ममता गुट द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, वह युवती कालीघाट में पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के बाहर पहुँची। आरोप है कि इस दौरान ममता बनर्जी की साड़ी खींची गई और महिला के पास से एक चाकू भी बरामद किया गया। ममता बनर्जी के पार्टी कार्यकर्ताओं ने उस महिला को पकड़ लिया और बाद में उसे कालीघाट पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को सौंपने से पहले कार्यकर्ताओं ने उसे जमीन पर गिरा दिया और उससे पूछताछ की, जबकि कथित हमलावर महिला पूरी तरह बेपरवाह और आक्रामक बनी रही।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह कथित घटना शाम करीब 6 बजे हुई, जब वह महिला पिसी (फुफी) कहकर ममता बनर्जी की तरफ दौड़ी। आरोप है कि उसने ममता बनर्जी की ओर छलांग लगाने की कोशिश की, जिसके बाद वह सड़क पर लेट गई और गालियां देने लगी। राज्यसभा सांसद डोला सेन ने कथित तौर पर कहा कि वह महिला नशे की हालत में थी और उसके हाथ में चाकू था। उसने खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताकर भीड़ में घुसने की कोशिश की थी। इस कथित घटना के बाद ममता के सहयोगियों ने पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

कोलकाता पुलिस ने कहा कि आरोपी 38 वर्षीय अनुसूया साहा के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर ली गई है। एक बयान में पुलिस ने कहा, पूर्व मुख्यमंत्री जब अपने आवास से बाहर निकल रही थीं, तब उनके आवास पर एक घटना घटी। अनुसूया साहा नाम की एक महिला ने उनके सामने आकर तीखी नोकझोंक शुरू कर दी। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत महिला को हिरासत में लिया। इस बीच, टीएमसी सदस्यों द्वारा एक शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

इससे पहले आज, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट के सदस्यों ने एसआईआर अभ्यास को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कोलकाता के राजाबाजार इलाके में एक जोरदार प्रदर्शन किया। एसआईआर विवाद के बीच गांधी परिवार और अन्य इंडिया  गठबंधन के नेताओं के साथ दिल्ली में बैठकें करने के बाद जब वह कोलकाता लौटीं, तब यह प्रदर्शन हुआ।