चुनाव आयोग के सामने विरोध दर्ज कराने के पहले ही पुलिस ने रोका
ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहे हैं
एसआईआर की गड़बड़ी को ठीक करें
सुप्रीम कोर्ट के बयान के बाद प्रतिक्रिया
राष्ट्रीय खबर
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को नई दिल्ली में संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक इंडिया गठबंधन के सांसदों के मार्च के दौरान बैरिकेड्स पर चढ़कर प्रदर्शन किया। वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
भारी सुरक्षा और संसद से लेकर ईसी कार्यालय तक बैरिकेडिंग के बीच निकाले गए इस मार्च में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले और कई अन्य विपक्षी नेता भी शामिल हुए। जब सांसदों ने वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाए, तो सुरक्षाकर्मियों ने नीति आयोग कार्यालय के पास मार्च को रोक दिया।
इंडिया गठबंधन ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण के तौर-तरीकों के खिलाफ संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च की घोषणा की थी। सेंट्रल दिल्ली में जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए थे और ट्रांसपोर्ट भवन के पास रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात किया गया था। सुरक्षाकर्मियों ने नीति आयोग के पास सांसदों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद कई विपक्षी सांसदों ने संसद स्ट्रीट के पास धरने पर बैठे। दिल्ली पुलिस ने प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। आम आदमी पार्टी ने इस मार्च से दूरी बनाते हुए कहा कि वह अपने स्तर पर इस मुद्दे को उठाएगी।
ईसी कार्यालय पहुंचने की कोशिश के तहत राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कुछ अन्य समर्थक आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर पहुंच गए। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद, वे रिसेप्शन गेट से आकाशवाणी परिसर में दाखिल हुए और एक पेड़ के नीचे बैठे नजर आए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता का वोट देने का अधिकार छीनना चाहती है और सीईसी ज्ञानेंद्र कुमार सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि वे चाहते हैं कि ज्ञानेंद्र कुमार को हटाया जाए, चुनाव बैलेट पेपर से हों और एसआईआर में जिनके नाम काटे गए हैं, उन्हें बहाल किया जाए।
यह मार्च सुप्रीम कोर्ट के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें अदालत ने कहा था कि उसने फॉर्म 6 के किसी भी संशोधित संस्करण को मंजूरी नहीं दी है और वह रिकॉर्ड की जांच करेगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्होंने फॉर्म 6 में किसी संशोधन को मंजूरी नहीं दी है।