कई राज्यों में भीषण बारिश और स्कूल बंद
अब तूफान की गति कम हो रही है
कई राज्यों में बारिश अब भी जारी
सुरक्षा के लिहाज से स्कूलों में बंदी
राष्ट्रीय खबर
भुवनेश्वर: उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट पर गुरुवार तड़के एक गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) के टकराने के बाद से दोनों राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते कई जिलों में एहतियातन स्कूलों को बंद कर दिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम बुधवार रात और गुरुवार सुबह के बीच कलिंगपट्टनम के पास तट को पार करते हुए आगे बढ़ा।
मौसम विभाग ने बताया कि यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल रहा है। इस खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी-तटीय ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश में देखने को मिल रहा है, जहां जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
ओडिशा के आठ जिलों—खुरदा, जगतसिंहपुर, गंजम, गजपति, मलकानगिरी, कोरापुट, पुरी और नवरंगपुर में स्कूल बंद रखे गए हैं। हालांकि यह छुट्टी केवल छात्रों के लिए है, जबकि शिक्षकों और अन्य स्कूल स्टाफ को संस्थानों में उपस्थित रहने को कहा गया है ताकि आपात स्थिति में स्कूल परिसरों का उपयोग किया जा सके। इसके अलावा, पुरी में समुद्र तट पर लाल झंडे लगाकर लोगों के समुद्र में नहाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
उधर, आंध्र प्रदेश में भी प्रभावित जिलों—अल्लूरी सीताराम राजू, विजयनगरम, श्रीकाकुलम, विशाखापत्तनम, अनाकापल्ली और पार्वतीपुरम मन्यम में स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने विशाखापत्तनम, काकीनाडा, कोनसीमा और गोदावरी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में आने वाले दिनों में भी भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।