चुनाव आयोग पर मचे बवाल के बीच मोर्चे पर गृह मंत्री
देश के आर्थिक विकास का हवाला दिया
अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएं मान्यता दे रही हैं
कुछ लोगों को हर कुछ बुरा ही दिखता है
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को भारत की आर्थिक वृद्धि और सॉवरेन रेटिंग में हालिया सुधार का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से तीखा तंज कसा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 को संबोधित करते हुए शाह ने मूडीज द्वारा भारत के विकास अनुमान को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत करने का हवाला दिया और कहा कि कुछ लोग देश के जीडीपी आंकड़ों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
गृह मंत्री ने कहा, वैश्विक उथल-पुथल, अशांति और तमाम बाधाओं के बावजूद भारत ने अपनी विकास दर को न केवल बनाए रखा है, बल्कि उसमें तेजी भी लाई है। उन्होंने जापान की प्रमुख रेटिंग एजेंसी जेसीआर द्वारा भारत की सॉवरेन रेटिंग को बीबीबी+ से बढ़ाकर ए- करने और पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की मजबूत विकास दर हासिल करने का भी उल्लेख किया।
भारतीय अर्थव्यवस्था को मृत अर्थव्यवस्था बताने वालों पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, फिर भी, कुछ लोग इसे मृत अर्थव्यवस्था के रूप में देखते हैं। मैं उनसे कहता हूं कि जिनकी अपनी मानसिकता ही मृत है, वे जीवंतता नहीं देख सकते; उन्हें अपने आसपास केवल बेजान चीजें ही दिखाई देती हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजनीतिक स्थिरता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नीतिगत निरंतरता और प्रभावी क्रियान्वयन ने भारत को एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरने में मदद की है। उन्होंने विश्वास जताया कि 15 अगस्त 2047 तक भारत हर क्षेत्र में दुनिया में पहले स्थान पर होगा।