Breaking News in Hindi

भाजपा की रणनीति के तहत केंद्रीय वित्त मंत्री भी मोर्चे पर

जेन जेड और जेन अल्फा से निर्मला सीतारमण की अपील

दीक्षांत समारोह में भी राजनीतिक बातें

नाराजगी को कम करने की कवायद जारी

तमिलनाडु में रोजगार का सपना दिखाया

राष्ट्रीय खबर

चेन्नई: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को जेन ज़ेड और जेन अल्फा पीढ़ियों से अपील करते हुए युवाओं से देश को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया है। चेन्नई में डॉ. एमजीआर एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के 36वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को धैर्य रखना चाहिए, मौजूदा परिस्थितियों को समझना चाहिए और देश के प्रति अपनी भूमिका व योगदान को पहचानना चाहिए।

वैश्विक स्थिति का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि वर्तमान में रूस-यूक्रेन युद्ध, इजराइल-ईरान संघर्ष और मध्य पूर्व के देशों में चल रहे युद्धों के कारण दुनिया भर में भारी अनिश्चितता का माहौल है। इसके बावजूद, भारत अपनी जरूरत का कच्चा तेल, गैस और उर्वरक जैसे जरूरी सामान आयात कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि अन्य देशों की तुलना में केवल भारत में ही आर्थिक स्थिरता है और देश 7.8 फीसद की दर से विकास कर रहा है। सरकार ने देश के लोगों को युद्ध के बुरे प्रभावों से सुरक्षित रखा है और साथ ही अभूतपूर्व विकास भी सुनिश्चित किया है।

तमिलनाडु में रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में 350 ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित किए गए हैं, जो देश के कुल ऐसे केंद्रों का 10 प्रतिशत है। अकेले कोयंबटूर में ऐसे 80 केंद्र हैं, जो 12,000 युवाओं को रोजगार दे रहे हैं। इसके अलावा मदुरै और त्रिची में भी जीसीसी क्लस्टर मौजूद हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार की उज्ज्वल संभावनाएं हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसा कोई पेशा नहीं बचेगा जिसमें एआई का इस्तेमाल न हो, इसलिए सभी को एआई का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। इस दीक्षांत समारोह में कुल 3,200 छात्रों ने अपनी डिग्री प्राप्त की।