तेलंगाना में भी भाजपा वही पुराना साजिश रचने में जुटी है
मोदी सबसे खतरनाक व्यक्ति हैं देश के लिए
इनका लोकतंत्र पर कोई भरोसा ही नहीं है
बंगाल वाला खेल यहां भी चल रहा है
राष्ट्रीय खबर
हैदराबाद: मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति करार दिया। मुख्यमंत्री ने कम्युनिस्ट पार्टियों से पीएम मोदी के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस से हाथ मिलाने और केंद्र में भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया।
सोमवार को यहां कामरेड सारमपल्ली मल्ला रेड्डी की याद में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में बोलते हुए, मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ताधारी राष्ट्रीय पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से लोगों का भरोसा जीतने में विफल रहने के बाद चुनाव जीतने के लिए नए हथकंडे अपना रही है। केंद्र सरकार विशेष गहन पुनरीक्षण के बहाने भाजपा विरोधी वोटों को हटा रही है। वोटों को हटाने में मुख्य रूप से अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा था।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भाजपा पर हर पोलिंग बूथ में भाजपा विरोधी वोटों को व्यवस्थित रूप से हटाकर तेलंगाना में पश्चिम बंगाल वाली रणनीति को दोहराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा तेलंगाना में एक करोड़ वोट डिलीट करने की साजिश रच रही है। सर्वे कराने और वोट हटाने के लिए निजी एजेंसियों को भी काम पर लगाया गया था।
मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक एजेंडे को लागू करने के लिए चुनाव आयोग का इस्तेमाल करने को लेकर भाजपा की आलोचना की और एसआईआर में वोटों की चोरी पर खामोशी बनाए रखने के लिए बीआरएस पर सवाल उठाए। वोटों की चोरी के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई का समर्थन करने की कम्युनिस्ट पार्टियों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की हार कम्युनिस्टों की जीत है, जिन्हें गरीबों के मताधिकार की रक्षा भी करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, हमें एकजुट होना चाहिए और देश में मोदी के खिलाफ लड़ना चाहिए। चुनाव और गरीबों के मौलिक अधिकार अलग-अलग पहलू हैं। उन्होंने गरीबों के अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष करने के लिए कम्युनिस्टों की सराहना की और कहा कि लाल झंडा गरीबों को आश्वासन और विश्वास का अहसास दिलाता है।