युद्धविराम की वार्ताओँ का दौर जारी रहने के बीच कार्रवाई
हमास की तरह बनाये थे सुरंग
यहां भी हमला कर छिप जाते थे
एक एक कर सभी को उड़ाया गया
यरूशलमः इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल कात्ज़ ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए बताया कि इस्राइली सेना ने दक्षिणी लेबनान स्थित रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण अली अल-ताहिर रिज के नीचे बनी सुरंगों में छिपे हिजबुल्लाह लड़ाकों को पूरी तरह से खदेड़ दिया है और उस क्षेत्र को खाली करा लिया है। हालांकि, ईरान समर्थित लेबनानी सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक टिप्पणी या प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इससे पहले इस्राइल ने कहा था कि हिजबुल्लाह लड़ाके रिज के नीचे बनी सुरंगों में जमे हुए थे। यह पहाड़ी पट्टी ऊंचाई पर होने के कारण आसपास के विशाल भूभाग पर निगरानी रखने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और जून में घोषित युद्धविराम के बावजूद इस्राइल-हिजबुल्लाह युद्ध में सबसे तनावपूर्ण संघर्ष केंद्रों में से एक बनी हुई थी।
ईरान ने पिछले महीने संयुक्त राज्य अमेरिका को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि रिज के भीतर उसके सहयोगी संगठन हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इस्राइल हमला करता है, तो वह इसका जोरदार जवाब देगा। गुरुवार देर रात इस्राइली सेना ने बयान जारी कर बताया कि उसने रणनीतिक रिज पर परिचालन नियंत्रण हासिल कर लिया है। इसके बाद रक्षा मंत्री कात्ज़ ने सोशल मीडिया पर लिखा, सैन्य अभियान पूरा कर लिया गया है और सुरंगों को आतंकवादियों से मुक्त करा लिया गया है।
इस्राइली सेना के अनुसार, अभियान के दौरान कुछ हिजबुल्लाह लड़ाकों को ढेर कर दिया गया, जबकि अन्य वहां से भाग निकले। वहीं, एक लेबनानी सैन्य अधिकारी ने पुष्टि की है कि इस्राइली सैनिकों ने इस परिसर के दक्षिणी प्रवेश द्वारों पर कब्जा कर लिया है और वे निगरानी ड्रोनों के माध्यम से उत्तरी प्रवेश द्वारों पर लगातार बारीक नजर बनाए हुए हैं।
इस सैन्य कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों में इस्राइल की स्थिति मजबूत हुई है और हिजबुल्लाह की भूमिगत संरचना को बड़ा झटका लगा है। हालांकि, युद्धविराम के बीच हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में व्यापक संघर्ष के पुनः भड़कने का खतरा और बढ़ गया है।