अपने खास हमलावर ड्रोनों को बेचने की कोशिश
यूक्रेन युद्ध के दौरान आजमाया गया
ड्रोन का नाम गार्पिया ए1 आई रखा है
लक्ष्य से टकराकर विस्फोट करता है
मॉस्कोः रूस ने राज्य रक्षा निर्माता द्वारा बनाए गए एक लंबी दूरी के लोइटरिंग म्यूनिशन (सुसाइड ड्रोन) का विदेशी सेनाओं के लिए विपणन शुरू कर दिया है। गार्पिया-ए1ई नाम के इस हथियार ने कई लाइव प्रदर्शनों के बाद विदेशी खरीदारों का ध्यान आकर्षित किया है। अधिकारियों ने निर्यात योजना की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक रुचि दिखाने वाले देशों के नामों का खुलासा नहीं किया है। बार-बार उपयोग किए जाने वाले सामान्य ड्रोनों के विपरीत, यह वन-वे यानी सुसाइड ड्रोन अपने पूर्व-निर्धारित निशानों की ओर उड़ान भरता है और लक्ष्य से टकराकर खुद को नष्ट कर देता है। 3.4 मीटर लंबाई और 3 मीटर पंखों के फैलाव वाले इस ड्रोन का टेक-ऑफ वजन 250 किलोग्राम है।
यह लगभग 170 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से उड़ सकता है, 6 घंटे से अधिक समय तक हवा में रह सकता है और 1,000 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। इसकी पेलोड क्षमता 50 किलोग्राम से अधिक है और इसका निशाना बेहद सटीक (4 मीटर के दायरे में) है। रोसोबोरोनएक्सपोर्ट के महानिदेशक अलेक्जेंडर मिखेव ने कहा, गार्पिया-ए1ई वैश्विक बाजार में 1,000 किलोमीटर की सीमा वाला एकमात्र लोइटरिंग म्यूनिशन है।
रूस के रक्षा क्षेत्र ने स्पष्ट किया है कि विदेशी ऑर्डर पूरा करते समय रूसी रक्षा मंत्रालय की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, निर्माता कंपनी अलमाज-अंटे ने अपनी उत्पादन क्षमता का विस्तार कर लिया है, जिससे देश की सुरक्षा से समझौता किए बिना प्रतिस्पर्धी समय-सीमा में अंतरराष्ट्रीय ऑर्डरों को पूरा किया जा सके। रूस मित्र देशों में इसके स्थानीय निर्माण के समझौतों के लिए भी तैयार है।