जंतर मंतर पर समर्थन जताने देश भर से पहुंच रहे हैं प्रमुख लोग
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित नीट परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन बुधवार को 25वें दिन में प्रवेश कर गया। इस अवसर पर आंदोलनकारी छात्रों का समर्थन करने पहुंचे मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा का एक तीखा और व्यंग्यात्मक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कामरा के इस तंज पर वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों और छात्रों ने तालियां बजाकर और हंसकर अपनी सहमति जताई।
महात्मा गांधी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहने जंतर-मंतर पहुंचे कुणाल कामरा ने केंद्र सरकार पर कॉर्पोरेट हितों को तवज्जो देने का आरोप लगाते हुए हिंदी में कहा, पहले तो मैं कहना चाहूंगा कि यह जो सरकार है, यह जो कर रही है, यह बहुत सालों से कर रही है। और हमने यह देखा है कि यह बस सीता के पति का नाम लेकर, नीता के पति का काम कर रही है। कामरा का यह इशारा सीधे तौर पर सरकार द्वारा भगवान राम (सीता के पति) के नाम की राजनीति करने और साथ ही बड़े उद्योगपतियों (नीता अंबानी के पति मुकेश अंबानी) के कॉर्पोरेट हितों के लिए काम करने की ओर था। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यह सरकार लंबे समय से जनता को गुमराह कर रही है।
बुधवार को हुए इस विरोध प्रदर्शन में न केवल कुणाल कामरा, बल्कि भीम आर्मी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद भी शामिल हुए। आजाद ने वहां पहुंचकर शिक्षा सुधारक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की, जो पिछले 18 दिनों से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इन प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों की मौजूदगी ने आंदोलन में एक नई ऊर्जा फूंक दी और भारी संख्या में युवा वहां एकत्र हुए। सीजेपी लगातार नीट परीक्षा में हुई धांधली को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।
प्रदर्शन के बाद सीजेपी के सदस्य अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चंद्रशेखर आजाद का आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि उनकी उपस्थिति ने पिछले 25 दिनों से संघर्ष कर रहे छात्रों का मनोबल काफी बढ़ा दिया है। इसके साथ ही, संगठन ने देश भर के छात्रों और आम जनता से सोनम वांगचुक और प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में 16 जुलाई को एक दिवसीय सामूहिक भूख हड़ताल में शामिल होने की पुरजोर अपील की है।