देश में फिलहाल एकता सबसे जरूरीः बालेन शाह
काठमांडूः नेपाल के रैपर से राजनेता बने बालेंद्र शाह, जो जल्द ही नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं, ने गुरुवार को एक रैप गीत के माध्यम से अपना पहला चुनावोत्तर संदेश जारी किया। इस गीत में उन्होंने देश की एकता पर जोर दिया है। यह संदेश उनके नवनिर्वाचित सांसद के रूप में शपथ लेने के कुछ घंटों बाद और हिमालयी गणतंत्र के नए प्रधानमंत्री बनने से ठीक एक दिन पहले आया है।
बालेन के नाम से मशहूर 35 वर्षीय शाह ने इस गीत में गाया, एकता की ताकत ही मेरी राष्ट्रीय शक्ति है। सोशल मीडिया और स्ट्रीमिंग साइटों पर रिलीज होने के कुछ ही मिनटों के भीतर इस गाने को हजारों बार देखा गया। नेपाली भाषा में गाते हुए उन्होंने आगे कहा, अविभाजित नेपाली, इस बार इतिहास रचा जा रहा है।
हमेशा ट्रेडमार्क काला चश्मा पहनने वाले और सलीके से तैयार रहने वाले शाह युवाओं के नेतृत्व वाले राजनीतिक परिवर्तन के प्रतीक बनकर उभरे हैं। 5 मार्च के चुनावों में उनकी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की शानदार जीत के बाद से शाह ने सार्वजनिक रूप से चुप्पी साधी हुई थी। बता दें कि सितंबर 2025 में युवाओं के नेतृत्व में हुए एक घातक विद्रोह के बाद यह पहला चुनाव था, जिसने तत्कालीन सरकार को उखाड़ फेंका था।
भ्रष्टाचार विरोधी उस विद्रोह में कम से कम 77 लोग मारे गए थे। उस आंदोलन की शुरुआत सोशल मीडिया पर लगे एक संक्षिप्त प्रतिबंध के कारण हुई थी, लेकिन देखते ही देखते इसने आर्थिक तंगहाली को लेकर जनता के लंबे समय से दबे गुस्से का रूप ले लिया। अपने चुनावी अभियान के वीडियो पर रैप करते हुए उन्होंने गाया, मेरा दिल साहस से भरा है, मेरा लाल खून खौल रहा है; मेरे भाई मेरे साथ खड़े हैं, इस बार हम उठ खड़े होंगे। उन्होंने आगे जोड़ा, मेरी सांसें खत्म न हों, मैं तेंदुए की तरह दौड़ूंगा।