असम में अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट की मांग
-
मेघालय ने मछली के अवैध आयात को रोका
-
तीन बांग्लादेशी नागरिक और दलाल गिरफ्तार
-
मणिपुर कांग्रेस ने विशेष संकट पैकेज की मांग
भूपेन गोस्वामी
गुवाहाटी: अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने 3 फरवरी को असम में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों की पहचान के लिए एक विवादास्पद प्रस्ताव रखा। उन्होंने मांग की कि नागरिकता की पात्रता तय करने के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाए और इसके लिए 1951 की वोटर लिस्ट को आधार दस्तावेज माना जाए। तोगड़िया का दावा है कि आधुनिक तकनीक और पोर्टेबल मशीनों के जरिए यह प्रक्रिया मात्र दो-तीन घंटों में पूरी की जा सकती है।
दूसरी तरफ सीमा पार से तस्करी को रोकने के लिए मेघालय सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। ईस्ट खासी हिल्स के जिला मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत बांग्लादेश से अवैध रूप से आयातित मछली के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। स्थानीय मांग पूरी करने के लिए बांग्लादेशी ‘हिलसा’ मछली की तस्करी की रिपोर्टों के बाद यह कदम उठाया गया है, जिससे सीमा सुरक्षा और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पड़ रहा था।
त्रिपुरा पुलिस ने कैलाशहर में तीन बांग्लादेशी नागरिकों और दो भारतीय दलालों को गिरफ्तार किया, जो अवैध रूप से सीमा पार कर चेन्नई जाने की योजना बना रहे थे। इसके अतिरिक्त, सेपाहिजाला जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने लगभग 170 एकड़ में फैली अवैध गांजे की खेती को नष्ट किया। नष्ट किए गए 5 लाख पौधों की बाजार कीमत करीब 75 करोड़ रुपये आंकी गई है।
भारत और किर्गिस्तान की विशेष सेनाओं के बीच ‘एक्सरसाइज खंजर’ का 13वां संस्करण 4 से 17 फरवरी तक असम के मिसामारी में आयोजित किया जाएगा। इस युद्धाभ्यास का मुख्य उद्देश्य शहरी युद्ध और आतंकवाद विरोधी अभियानों में दोनों देशों के बीच सामरिक तालमेल और इंटरऑपरेबिलिटी को बढ़ाना है।
मणिपुर कांग्रेस ने केंद्र सरकार से राज्य के लिए ‘विशेष संकट पैकेज’ की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने केंद्रीय बजट पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि मई 2023 से जारी जातीय हिंसा के बाद प्रभावितों के पुनर्वास और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए तत्काल बड़े कदमों की आवश्यकता है।