Breaking News in Hindi

यह नया भारत है पूरी ताकत से जबाव देगाः राजनाथ सिंह

आतंकवाद से पीड़ित होकर चुप रहने का समय अब चला गया

राष्ट्रीय खबर

चंडीगढ़ः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का सबूत है कि नया भारत दृढ़ निश्चयी है और अब आतंकवाद का शिकार नहीं होगा। दो दिवसीय दौरे पर यहां उत्तरी कमान मुख्यालय उधमपुर पहुंचे सिंह कल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में शामिल हुए और उधमपुर छावनी में सशस्त्र बलों के जवानों से बातचीत की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होने के लिए उधमपुर जिले के रामनगर पहुंचे थे।

सिंह ने यहां उत्तरी कमान मुख्यालय में सैनिकों से बातचीत करते हुए कहा, ऑपरेशन सिंदूर इस बात का सबूत है कि नया भारत दृढ़ निश्चयी है और अब आतंकवाद का शिकार नहीं होगा। यह ताकत और रणनीति के साथ जवाब देगा। उन्होंने कहा, भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और अगर इसकी एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाया गया तो मुंहतोड़ जवाब देगा। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। यह सिर्फ एक विराम है। मैं अपने पड़ोसी देश को यह बताना चाहता हूं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि आतंकवाद के प्रति भारत की नीति में बदलाव देश के सैनिकों की बेजोड़ वीरता और समर्पण का परिणाम है। इस दौरान रक्षा मंत्री के साथ सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, उत्तरी कमान के जीओसी-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा और वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद थे। सिंह ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर (पीओजेके) में आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने में सशस्त्र बलों और खुफिया एजेंसियों की सटीकता, समन्वय और साहस की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के प्रति भारत की नीति में बदलाव उनकी बेजोड़ वीरता और समर्पण का परिणाम है। सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं बल्कि सीमा पार के आतंकवादियों और उनका समर्थन करने वालों के लिए एक चेतावनी बताया। उन्होंने सैनिक के जीवन को साहस और बलिदान से भरा हुआ बताया और कहा कि राष्ट्र हमेशा सशस्त्र बलों द्वारा मातृभूमि के लिए अपने कर्तव्य के रूप में दी गई सेवाओं का ऋणी रहेगा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों द्वारा आयोजित सामूहिक भोज ‘बाराखाना’ में रक्षा मंत्री ने सैनिकों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया और सैनिक के जीवन में शक्ति और स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया। सिंह ने कहा, यदि आप मजबूत हैं, तो हमारी सीमाएं मजबूत होंगी। जब सीमाएं मजबूत होंगी, तो भारत मजबूत होगा।