Breaking News in Hindi

क्राइस्टा पाइक अस्पताल से जेल लौटी

जहरीली सूई का दो डोज भी हुआ बेअसर, बहस जारी

टेनेसीः टेनेसी की डेथ रो (मृत्युदंड प्राप्त) कैदी क्राइस्टा पाइक, जो घातक इंजेक्शन से दी जाने वाली फांसी की कोशिश में जीवित बच गई थीं, एक सप्ताह से अधिक समय अस्पताल में बिताने के बाद वापस जेल लौट आई हैं।

उनके वकीलों ने शनिवार को बताया कि 50 वर्षीय पाइक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उन्हें लगातार चिकित्सीय देखभाल मिल रही है। पाइक को नैशविले स्थित डेबरा के. जॉनसन रिहैबिलिटेशन सेंटर में स्थानांतरित किया गया है, जो वही महिला जेल है जहाँ वह तीन दशकों से बंद हैं।
यह घटना 30 सितंबर की है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि पाइक ऐसी पहली कैदी हैं जो फांसी के दौरान घातक इंजेक्शन की दवाएं दिए जाने के बाद भी जीवित बच गईं। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य द्वारा पेंटोबार्बिटल (घातक इंजेक्शन प्रोटोकॉल की दवा) का उपयोग करके उनकी फांसी को अंजाम देने में विफलता के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ डॉक्टरों ने उनका इलाज किया।
फांसी की प्रक्रिया की शुरुआत में पाइक ने गवाहों से कहा था कि वह शांति में हैं। हालांकि, इसके करीब पाँच मिनट बाद उन्होंने अपना सिर उठाया और शिकायत की कि उनके हाथ में दर्द हो रहा है। इसके बाद वह अचेतन अवस्था में जाती दिखाई दीं, लेकिन गवाहों ने बताया कि उनकी सांसें भारी बनी हुई थीं। बाद में एक एम्बुलेंस उन्हें अस्पताल ले गई। वकीलों ने आरोप लगाया कि आईवी (नसों में लगाई जाने वाली) लाइनें सही जगह पर नहीं थीं।
इस घटना के बाद टेनेसी के गवर्नर बिल ली ने 2026 के लिए तय सभी शेष फांसी की सजाओं को निलंबित कर दिया है और स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही, टेनेसी डिपार्टमेंट ऑफ करेक्शन के कमिश्नर फ्रैंक स्ट्राडा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पाइक को 1995 में अपनी सहपाठी कोलीन स्लेमर की हत्या के मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसे उन्होंने 18 वर्ष की आयु में अंजाम दिया था।