Breaking News in Hindi

बारूदी सुरंग से टकराया सुपर टैंकर, लगी आग

होर्मुड जलडमरुमध्य से चालाक बनकर निकलने की कोशिश

दुबईः ईरानी मीडिया प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, एक अनाधिकृत और खतरनाक मार्ग का उपयोग करके स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान एक कच्चा तेल ले जाने वाला सुपरटैंकर बारूदी सुरंग (समुद्री माइन) से टकराकर विस्फोट का शिकार हो गया और उसमें भीषण आग लग गई।

इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स ने एक बयान में कहा कि इस सुपरटैंकर ने समुद्री माइन से टकराने से ठीक पहले स्ट्रेट से बाहर निकलते समय अपने नेविगेशन और ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम को बंद कर दिया था। आग इतनी भयानक थी कि तटीय इलाकों में रहने वाले दूर-दराज के लोगों को भी इसकी लपटें साफ दिखाई दे रही थीं।

आईआरजीसी ने चेतावनी देते हुए कहा, हॉर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी उल्लंघनकारी तेल टैंकर का यही अंजाम होगा। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि अनाधिकृत मार्गों का उपयोग करने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई अब केवल हॉर्मुज जलडमरूमध्य तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र में उनका पीछा किया जाएगा और उन्हें दंडित किया जाएगा।

ईरान का दावा है कि अमेरिका-इजराइल आक्रामकता की शुरुआत से ही उसकी सशस्त्र सेनाएं हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए हुए हैं। जारी युद्ध के बीच इस मार्ग से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही में भारी गिरावट आई है। तेहरान ने साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका उसकी शर्तें स्वीकार नहीं करता, तब तक वह इस समुद्री मार्ग को दोबारा नहीं खोलेगा।

दूसरी ओर, तुर्कमेनिस्तान में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा कि अमेरिका द्वारा वार्ता के दौरान हमला किए जाने के बावजूद ईरान बातचीत का रास्ता नहीं छोड़ेगा।