Breaking News in Hindi

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुद्दा उठाया

पूर्व मुख्य सचिव का खुलासा गंभीर आरोप

पहले से ही भाजपा कैडर है वह

टिकट दिलाने की बात कही थी

चुनाव आयुक्त का पद पुरस्कार है

राष्ट्रीय खबर

नईदिल्लीः अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने केरल कैडर के पूर्व मुख्य सचिव जिजी थॉमसन के उस खुलासे को बेहद गंभीर करार दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने 2016 में, जब वे सेवा में थे, उन्हें भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए कहा था।

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त का पद ज्ञानेश कुमार को उस सेवा के पुरस्कार के रूप में दिया गया है, जो उन्होंने नौकरी के दौरान भाजपा के इशारे पर की थी। उन्होंने कहा कि थॉमसन के इस खुलासे से यह साफ बेनकाब हो गया है कि ज्ञानेश कुमार वही व्यक्ति हैं जिन्होंने नरेंद्र मोदी और अमित शाह को सत्ता में स्थापित करने का जिम्मा उठाया था।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि भाजपा ने ज्ञानेश कुमार को एक और बड़ा एहसान यह चुकाया है कि संसद में एक ऐसा कानून पारित कराया गया, जिसके तहत सीईसी या अन्य चुनाव आयुक्तों के खिलाफ उनके आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान लिए गए किसी भी फैसले या कहे गए शब्दों के लिए कोई भी नागरिक या आपराधिक कार्रवाई नहीं की जा सकती है।

वेणुगोपाल ने ज्ञानेश कुमार पर देश में चुनावों को कमजोर कर भाजपा के एहसानों का बदला चुकाने का आरोप लगाते हुए उन्हें तुरंत पद से हटाने की मांग की। उन्होंने सीईसी पर एक ऐसा गिरोह चलाने का आरोप लगाया जो लोकतंत्र को खोखला कर सत्ता पर कब्जा करता है। साथ ही यह भी दावा किया कि अब ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खुद एनडीए के भीतर से भी असंतोष सामने आने लगा है। उन्होंने मोदी सरकार से अपील की है कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और अखंडता बचाने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत उनके पद से हटाया जाए।