अब नेताओं को वोटरों का डर नहीं रहाः राहुल गांधी
सोशल मीडिया में वायरल है वीडियो
खराब सड़क निर्माण पर विवाद हुआ
प्रवेश वर्मा ने राहुल को नसीहत दी
राष्ट्रीय खबर
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली सरकार के भाजपा मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा रोड निरीक्षण के दौरान वीडियो बना रहे एक युवक को थप्पड़ मारे जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे ऐसी सत्ता का चेहरा बताया है, जिसे अब मतदाताओं का कोई डर नहीं है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, दिल्ली सरकार का एक भाजपा मंत्री एक नौजवान को थप्पड़ मार रहा है। उसका गुनाह क्या था? वह वीडियो बना रहा था। मंत्री के ठीक सामने एक सड़क उखाड़ी जा रही थी और उसके हाथ में कैमरा था। यह उस सत्ता का चेहरा है जो अब मतदाताओं से नहीं डरती।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने हालिया घटनाओं का जिक्र किया और कहा, सड़क पर सवाल पूछो—तो थप्पड़, पेपर लीक पर सवाल पूछो—तो लाठीचार्ज, और संसद में सवाल पूछो—तो माइक बंद कर दिया जाता है। लाठीचार्ज का यह संदर्भ मानसून सत्र के पहले दिन 20 जुलाई को नीट पेपर लीक के खिलाफ संसद मार्च कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग से जुड़ा है। राहुल गांधी ने संसद में विपक्ष का माइक बंद करने के अपने पुराने आरोपों को भी दोहराया।
उन्होंने आगे कहा, ये लोग ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि इन्हें अब इस बात का डर नहीं है कि चुनाव उन्हें सत्ता से बाहर कर सकते हैं। वोट चोरी से यह अहंकार पैदा होता है—न केवल चुनावी नतीजा, बल्कि उसके बाद का घमंड। जिस सरकार को अपनी जीत पर पूरा भरोसा होता है, उसे आपकी सहमति की जरूरत नहीं होती—वह आपकी चुप्पी और अंधी भक्ति की मांग करती है।
राहुल गांधी ने हालिया खबरों का हवाला देते हुए निर्वाचन आयोग से जुड़े विवाद पर भी निशाना साधा, जिसमें एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दो चुनाव आयुक्तों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के फैसलों पर 10 महीनों में 14 बार आपत्तियां जताई थीं। कांग्रेस नेता का इशारा था कि वोट चोरी की वजह से ही इन भाजपा नेताओं को मनमानी करने का हौसला मिलता है। उधर, राहुल गांधी के इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा मंत्री प्रवेश वर्मा ने उन्हें सलाह दी कि वे इस मामले से दूर रहें। वर्मा ने कहा, राहुल जी, आप बस इससे दूर रहिए, आप कुछ नहीं जानते।