Breaking News in Hindi

आंध्रप्रदेश के बाद अब पश्चिम बंगाल से भी रेड सिग्नल

कोलकाता में 10 वर्षीय बच्चा कोरोना से संक्रमित

राष्ट्रीय खबर

कोलकाताः पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक 10 वर्षीय बच्चे के कोविड-19  से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में एक बार फिर नए सिरे से कोरोना संक्रमण का डर और खौफ फैल गया है। कोलकाता के गरिया इलाके के रहने वाले इस बच्चे को गंभीर हालत में शहर के पीयरलेस अस्पताल  के पीडियाट्रिक क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, बच्चा पिछले एक सप्ताह से तेज बुखार, सर्दी, खांसी और सांस लेने में गंभीर तकलीफ से पीड़ित था। शनिवार को जब उसकी हालत बिगड़ने लगी और रक्त में ऑक्सीजन का स्तर तेजी से ऊपर-नीचे होने लगा, तब परिजन उसे तुरंत पीयरलेस अस्पताल ले गए। शुरुआत में परिवार ने इसे मौसमी वायरल बुखार समझा था, लेकिन लक्षणों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने आरटी-पीसीआर टेस्ट और चेस्ट एक्स-रे कराने की सलाह दी। जांच रिपोर्ट में बच्चे के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई, जबकि एक्स-रे रिपोर्ट में फेफड़ों में न्यूमोनिया के लक्षण पाए गए। इसके तुरंत बाद बच्चे को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड और फिर आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया।

वर्तमान में पीडियाट्रिक क्रिटिकल केयर यूनिट की प्रमुख डॉ. सहेली दासगुप्ता की देखरेख में बच्चे का इलाज चल रहा है और उसे कड़ी निगरानी में रखा गया है। एहतियाती कदम के रूप में बच्चे की मां को भी आइसोलेशन में रखा गया है तथा परिवार के अन्य सदस्यों की कोविड जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बीच, आंध्र प्रदेश में भी कोरोना के 8 नए मामले सामने आने और कडपा जिले में दो लोगों की मौत होने से चिंता बढ़ गई है।

डॉक्टरों ने मानसून के इस मौसम में माता-पिता को सलाह दी है कि वे बच्चों में लंबे समय तक रहने वाले बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ को नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टरी सलाह लें। हालांकि, चिकित्सा विशेषज्ञों ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि इस स्थिति से अनावश्यक रूप से घबराने या आतंकित होने की कोई आवश्यकता नहीं है, केवल सतर्कता और सावधानी बरतने की जरूरत है।