Breaking News in Hindi

उत्तर कोरिया और चीन संबंध मजबूत करेंगे

शी जिनपिंग के दौरे के बाद संयुक्त बयान जारी हुआ

एजेंसियां

सियोलः उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सोमवार को प्योंगयांग में एक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया। उत्तर कोरिया की राज्य मीडिया केसीएनए ने मंगलवार को बताया कि दोनों नेता राजनीति, अर्थव्यवस्था और संस्कृति के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग का विस्तार करने पर सहमत हुए हैं। केसीएनए के अनुसार, दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को एक नए अध्याय में विकसित करने पर सहमति व्यक्त की।

किम जोंग उन ने शी जिनपिंग से कहा कि वे वन चाइना प्रिसिंपल (एक चीन सिद्धांत) का पूर्ण समर्थन करेंगे, जिसके तहत बीजिंग ताइवान जलडमरूमध्य के दोनों पक्षों को एक ही देश का हिस्सा मानता है, चाहे अंतर्राष्ट्रीय स्थिति कैसी भी क्यों न हो।

पिछले सात वर्षों में इस सप्ताह अपनी पहली उत्तर कोरिया यात्रा पर आए शी जिनपिंग ने किम से कहा कि वह इस यात्रा का उपयोग द्विपक्षीय संबंधों में महत्वपूर्ण प्रगति हासिल करने के एक अवसर के रूप में करेंगे। केसीएनए की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नेताओं ने उच्च स्तरीय अधिकारियों के दौरों के माध्यम से रणनीतिक संवाद को और गहरा करने पर भी सहमति जताई।

इसके बाद, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन ने किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल जू के साथ प्योंगयांग के एक जिम्नेजियम में एक भव्य कलात्मक प्रदर्शन देखा। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तर कोरिया के उच्च पदस्थ अधिकारी और प्योंगयांग के नागरिक शामिल हुए, जिसमें चीन और उत्तर कोरिया के गीतों के माध्यम से डीपीआरके-चीन मित्रता के मूल्य और घनिष्ठता को प्रदर्शित किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इन गीतों की प्रस्तुतियां देशभक्ति, क्रांतिकारी भावना और राष्ट्रीय भावनाओं से ओतप्रोत थीं।