Student Suicide Case: छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में खुला राज; 2 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पलवल : हरियाणा के पलवल जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां गदपुरी थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ व प्रताड़ना से तंग एक 16 वर्षीय स्कूली छात्रा ने पंखे से फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर दी। पुलिस ने इस मामले में 2 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका के पिता ने दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि गांव के ही सलमान व पेप्सी नामक दो युवक पिछले 6 माह से बेटी को स्कूल में आते-जाते छेड़ते थे। बेटी के अंदर डर इतना बैठ गया कि उसने स्कूल जाना ही छोड़ दिया। आरोपी छेड़छाड़ कर घर तक आ गए। जब भाई ने विरोध किया तो उसको पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी।
यह था मामला
बता दें कि 16 मार्च को आरोपी सलमान जबरन घर में घुसा और बेटी का हाथ पकड़कर खींचने लगा। भाई के विरोध करने पर आरोपी मौके से भाग गया। अगली सुबह जब वह आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। मंगलवार देर शाम जब वह ड्यूटी से लौटा तो पता चला कि बेटी ने पंखे से लटक आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
वहीं थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने मामले को लेकर कहा कि दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, छेड़छाड़ करने सहित विभिन्न मामलों में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।