Jharkhand Minister Irfan Ansari: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर इरफान अंसारी ने ली चुटकी, पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के अपमान के आरोपों को नकारा
रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही में भाग लेने मंत्री इरफान अंसारी पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मीडिया को संबोधित किया. पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति का अपमान विवाद और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी. इसके अलावा उन्होंने राज्य के विधायक, सांसद, पूर्व विधायक-सांसद के लिए आईएएस आईपीएस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के फैसले पर अपनी बात रखी.
चुनाव वाले राज्यों में जाने से परहेज करना चाहिए: डॉ इरफान अंसारी
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि उनका मानना है कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति का कोई अपमान नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को उन राज्यों में जाने से परहेज करना चाहिए, जहां चुनाव होने हैं. मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राष्ट्रपति को बीजेपी के बहकावे में नहीं आना चाहिए था. वह बीजेपी की राजनीति का शिकार हो रही हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर अपमान हुआ है तो यह सही नहीं है.
वहीं मंत्री इरफान अंसारी ने वर्ल्ड कप जीत पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि मेरा बेस्ट खिलाड़ी संजू सैमसन है. जिसने बहुत अच्छा खेल का प्रदर्शन किया.
महिलाओं के प्रति मानसिकता दर्शाता है कांग्रेस नेताओं का बयान: बाबूलाल मरांडी
वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान मामले पर डॉ इरफान अंसारी के बयान को लेकर बाबूलाल मरांडी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता पहले भी राष्ट्रपति को लेकर अनाप शनाप बोलते रहे हैं. ऐसे में जो भी नेता ममता बनर्जी के व्यवहार का समर्थन कर रहे हैं. वह उनकी मानसिकता को दर्शाता है.