Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
Deoghar News: श्रावणी मेले से पहले देवघर को मिली 'नमो एम्बुलेंस' सेवा; सांसद निशिकांत दुबे ने की शुर... Rajya Sabha MP Baidyanath Ram: राज्यसभा सांसद बनने के बाद मां दिउड़ी मंदिर पहुंचे बैद्यनाथ राम; मांग... Lohardaga Sadar Hospital News: सदर अस्पताल में बिचौलियों का राज; सिजेरियन के नाम पर मरीजों को किया ज... Ludhiana Crime News: 9 साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी; लालच देकर बनाता था शिकार, आरोपी पर POCSO एक्ट ... Ludhiana Crime News: सिलाई मशीन व्यापारी के घर नौकर ने की बड़ी चोरी; दादी के गहने और पैसे लेकर फरार, ... Snatching in Ludhiana: सरेआम लूटपाट और गुंडागर्दी; जनकपुरी में युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा, पुलिस न... Dharmkot Firing: मोगा के गांव कमालके में सरेआम गोलियां चलने से हड़कंप; गर्भवती महिला सहित 4 को मारी ... Punjab Weather Alert: पंजाब में फिर करवट लेगा मौसम; अगले 4 दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश का येलो अलर्... NEET Re-Exam 2026: लुधियाना में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई नीट की दोबारा परीक्षा; अभ्यर्थियों को ... Gas Cylinder Safety: बरसात में गैस सिलेंडर लेने से पहले रहें सावधान; नीचे छिपा हो सकता है सांप या जह...

रेखा गुप्ता सहित छह मंत्रियों ने शपथ ली

दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी

  • प्रधानमंत्री मोदी भी समारोह में शामिल हुए

  • छात्र राजनीति से मुख्यधारा में आयी हैं वह

  • सचिवालय जाकर कार्यभार भी संभाल लिया

नईदिल्लीः छात्र राजनीति से मुख्य धारा की राजनीति में आयीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पुरानी कार्यकर्ता रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र  दिल्ली की सरकार की बागडोर संभाली।  दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने श्रीमती गुप्ता और उनके सहयोगी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। श्रीमती गुप्ता शालीमार बाग से भाजपा की विधायक चुनी गयी हैं।

श्रीमती गुप्ता के बाद क्रमश: नयी दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराकर विधायक बने प्रवेश साहिब सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद सर्वश्री आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली।

रामलीला मैदान में तीन मंच सजे थे।  बांये मंच पर विभिन्न धर्मों के धर्म गुरु और कई प्रमुख संत विराजमान थे। बीच के मंच पर मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाने की व्यवस्था की गयी थी और इस मंच पर प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ मोदी मंत्रिमंडल में शामिल अन्य मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा और राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री उपस्थित थे।

मंच पर असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, गोवा के  मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी,  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला,  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल  शर्मा, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उप मुख्यमंत्री  पवन कल्याण, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री  एकनाथ शिन्दे और अजीत पवार, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद  मौर्य तथा ब्रजेश पाठक, बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा,  पूर्वोत्तर के नेतागण दिल्ली के सभी सांसद, महापौर तथा केन्द्रीय मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड के नेता राजीव रंजन सिंह ऊर्फ लल्लन सिंह उपस्थित थे।

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्र गान से हुयी। इसके बाद दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की अधिसूचना को पढ़ा,  जिसमें श्रीमती रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री और अन्य छह विधायकों को मुख्यमंत्री नियुक्त करने की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से अनुमति दी गयी थी।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर श्रीमती गुप्ता को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए लिखा, दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्रीमती रेखा गुप्ता जी को बधाई। वे जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, प्रदेश संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक तथा मुख्यमंत्री भी हैं। मुझे विश्वास है कि वे पूरी ताकत से दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उन्हें सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।

शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार पार्टी द्वारा चुनाव के दौरान दिल्ली की जनता से किये गये वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा, हमारी सरकार भ्रष्टाचार को कतई सहन नहीं करेगी और जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किये हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

श्रीमती गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं और इस समय पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद दूसरी महिला है, जो किसी प्रदेश का नेतृत्व कर रही हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण लेने के बाद अपराह्न दिल्ली सचिवालय में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला।  वह शाम को मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता करेंगी। श्रीमती गुप्ता आज अपराह्न तीन बजे औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के लिए दिल्ली सचिवालय पहुंची।