देवी प्रतिमा वाले चांदी के हौदा को गिराकर भाग निकला
साढ़े छह सौ किलो का हौदा था
देवी चामुंडेश्वरी की प्रतिमा थी
गनीमत है कि जान नहीं गयी
राष्ट्रीय खबर
बेंगलुरुः विशालकाय गजराज के अचानक बेकाबू हो जाने के कारण दशहरे के पावन अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा में भारी अफरातफरी मच गई। उस हाथी की पीठ पर लगभग 650 किलोग्राम वजनी चांदी का एक भव्य हौदा रखा हुआ था, जिस पर देवी चामुंडेश्वरमी की प्रतिमा विराजमान थी। प्रतिमा और भारी हौदे को अपनी पीठ पर लादे हुए ही वह हाथी सड़क पर इधर-उदहर तेजी से भागने लगा। इस अप्रत्याशित घटना के कारण सड़क पर भारी अराजकता और दहशत का माहौल पैदा हो गया।
यह सनसनीखेज घटना कर्नाटक के शिमोगा में घटी है। स्थानीय भाषा में इस प्रसिद्ध और पारंपरिक शोभायात्रा को जम्बो सवारी के नाम से जाना जाता है। उपद्रव मचाने वाले इस हाथी का नाम सोमन्ना बताया गया है। यात्रा की शुरुआत कोटे आंजनेयस्वामी मंदिर से की गई थी। मंदिर से आगे बढ़ने के बाद जब यह काफिला करीब 500 मीटर की दूरी तय कर चुका था, तभी हाथी अचानक दिशाहीन होकर तेज रफ्तार में दौड़ने लगा। उसके इस तरह अचानक बेकाबू होकर भागने के कारण उसकी पीठ पर रखा चांदी का वजनी हौदा नीचे आ गिरा। दौड़ते वक्त हाथी ने रास्ते में खड़े कुछ वाहनों को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हाथी सोमन्ना को तुरंत काबू में लाने के लिए उसके महावत, स्थानीय नगर पालिका के कर्मचारियों और पुलिस बल ने मिलकर तीव्र प्रयास शुरू कर दिए। स्थिति की नज़ाकत को भांपते हुए शिमोगा के पुलिस अधीक्षक और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। इसके बाद, हाथी को शांत और नियंत्रित करने के लिए पशु चिकित्सकों द्वारा उसे बेहोशी की दवा (ट्रैंक्विलाइज़र) दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले छह वर्षों से इस महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी सागर नामक एक अन्य हाथी द्वारा सफलतापूर्वक निभाई जा रही थी। हालांकि, इस वर्ष यह जिम्मेदारी सोमन्ना को सौंपी गई थी। वन विभाग के एक अधिकारी ने मीडिया को जानकारी दी कि अभ्यास के दौरान सोमन्ना ने बेहद शांत और सुचारू तरीके से अपनी भूमिका निभाई थी। लेकिन आयोजन के दौरान वहां जुटी भारी भीड़ और कोलाहल को देखकर वह शायद डर गया, जिसके बाद उसने घबराकर इस तरह भागना शुरू कर दिया। वन विभाग के अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान में वह हाथी पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित है।