अचानक से सिक्किम जाने वाले पर्यटकों की भीड़ बढ़ गयी
भारी बारिश के बाद अचानक माहौल बदला
खबर पाकर पर्यटकों जत्थों में जाने लगे
दुर्गापूजा तक और भीड़ बढ़ जाएगी
राष्ट्रीय खबर
सिलिगुड़ीः उत्तरी सिक्किम में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है, जिसके चलते प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘काला पत्थर’ बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। पिछले कुछ दिनों से सिक्किम में लगातार बारिश हो रही थी, जिसके प्रभाव से गुरुवार सुबह उत्तरी सिक्किम में बर्फबारी हुई। इस नजारे को देखकर वहां मौजूद पर्यटक बेहद रोमांचित और उत्साहित हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बर्फबारी के बाद आगामी पूजा के दिनों में सिक्किम में पर्यटकों की संख्या और अधिक बढ़ जाएगी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह थांगू वैली, काला पत्थर, मुगुथांग और गुरुडोंगमार झील जाने वाले रास्तों पर बर्फबारी हुई। इसके अलावा युमथांग घाटी और जीरो पॉइंट पर भी बर्फ गिरी है। गंगटोक से छांगू जाने वाले रास्ते पर आईटीबीपी (ITBP) शिविर तक बर्फबारी होने की खबर सामने आई है।
दूसरी ओर, पिछले कुछ दिनों से सिक्किम और उत्तर बंगाल में लगातार बारिश का दौर जारी है, और शुक्रवार को भी आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। इस लगातार बारिश के कारण पश्चिमी सिक्किम में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं भी सामने आई हैं। युकसोम-ताशीदिंग विधानसभा क्षेत्र के रिम्बी गांव में नए सिरे से भूस्खलन होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। पहाड़ी ढलानों से कीचड़, पत्थरों, मिट्टी और पानी का तेज बहाव नीचे की ओर आ रहा है, और इस भूस्खलन का रुख धीरे-धीरे रिम्बी गांव की तरफ मुड़ गया है, जिससे कई रिहायशी मकानों के मलबे में दबने या बह जाने की आशंका पैदा हो गई है।