पाकिस्तानी सेना का अशांत बलूचिस्तान में ऑपरशन जारी
इस्लामाबादः पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों में कुल 11 आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, ये दोनों कार्रवाई प्रांत के खरान और वाशुक जिलों में की गईं। सुरक्षा बलों की इस बड़ी सफलता से आतंकवादियों के नेटवर्क को करारा झटका लगा है।
पहली कार्रवाई खरान जिले में की गई, जहां सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों द्वारा सड़क जाम करने और यातायात बाधित करने के प्रयास को विफल कर दिया। दोनों पक्षों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में 8 आतंकवादी मारे गए। वहीं, दूसरी कार्रवाई वाशुक जिले में एक खुफिया इनपुट के आधार पर उनके ठिकानों को निशाना बनाकर की गई, जिसमें 3 अन्य आतंकवादी मारे गए। इस ठिकाने से सुरक्षा बलों ने करीब 2.9 टन विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बनाने के लिए किया जाना था।
अधिकारियों के मुताबिक, अफगानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तानी प्रांतों में पिछले कुछ समय से आतंकवादी गतिविधियों में तेजी आई है, जिनका मुख्य निशाना सुरक्षाकर्मी और नागरिक बुनियादी ढांचा होते हैं। खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान वर्तमान में देश के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र बने हुए हैं। पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व ने बलूचिस्तान में सक्रिय इन विद्रोही समूहों को बाहरी ताकतों द्वारा प्रायोजित प्रॉक्सी करार दिया है, जो क्षेत्र के विकास में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।