सोमालिया के समुद्री डाकुओँ के खिलाफ संयुक्त अभियान
पुंटलैडः तुर्किए और सोमालिया के सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त अभियान चलाकर सोमालिया के अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र पुंटलैंड के तट के पास समुद्री डाकुओं द्वारा बंधक बनाए गए एक मालवाहक जहाज को सफलतापूर्वक छुड़ा लिया है। सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में बताया कि कैमरून के झंडे वाले मालवाहक जहाज एमवी लातुफ को मुक्त कराने के इस सैन्य ऑपरेशन में 14 समुद्री डाकू मारे गए हैं। इसके अतिरिक्त डाकुओं की चार नौकाओं को भी पूरी तरह तबाह कर दिया गया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, तुर्किए और सोमाली बलों द्वारा बनाए गए निरंतर दबाव और कार्रवाई के बाद अंततः शेष बचे समुद्री डाकू जहाज छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने पोत पर अपना पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया। यह राहत और बचाव अभियान सोमालिया और तुर्किए के बीच हुए द्विपक्षीय रक्षा सहयोग समझौते के तहत संचालित किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य समुद्री सुरक्षा को मजबूत करना, सोमालिया की तटरेखा की रक्षा करना और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर डकैती को रोकना है। हालांकि, सोमाली रक्षा मंत्रालय ने जहाज के चालक दल के सदस्यों की स्वास्थ्य स्थिति या किसी हताहत के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
पुंटलैंड के नुगल क्षेत्र के एक स्थानीय प्रमुख अब्दुल्लाही वारसामे ने मीडिया को पुष्टि की कि जहाज और उसके चालक दल को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया है। एमवी लातुफ जुलाई के उत्तरार्ध में तुर्किए के टेकिरदाग बंदरगाह से रवाना हुआ था और 17 अगस्त को सोमालिया के तट के निकट समुद्री डाकुओं ने इसे अगवा कर लिया था। मरीन ट्रैफिक वेबसाइट के अनुसार, मालवाहक जहाज अब तंजानिया के दार-एस-सलाम बंदरगाह की अपनी तय यात्रा पर पुनः आगे बढ़ गया है।
सोमालिया के तटीय इलाकों में वर्ष 2000 के दशक में समुद्री डकैती बेहद चरम पर थी, जो 2011 में अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी। बाद में अंतरराष्ट्रीय नौसेना बलों की तैनाती और व्यापारिक जहाजों की कड़ी सुरक्षा के चलते इसमें भारी गिरावट आई थी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अप्रैल से समुद्री हमलों में फिर से तेजी देखी गई है। इस साल सोमाली तट के पास कम से कम 15 हमले दर्ज किए गए हैं, जो 2013 के बाद से सबसे अधिक हैं।