क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा शुद्ध पेट्रोल
विमान सेवा उदघाटन का कार्यक्रम था
इथेनॉल ब्लैंडिंग के पक्ष में बोले वह
लोगों में इसकी तीखी प्रतिक्रिया हुई
राष्ट्रीय खबर
भोपालः पेट्रोल में एथनॉल मिलाने की नीति को लेकर चल रहे विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा ने इस केंद्र सरकार के फैसले का पुरजोर समर्थन किया है। नीति का विरोध करने वालों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने एक विवादित और बेहद तीखा बयान दिया और सवाल उठाया, क्या तुम्हारे बाप के घर से शुद्ध पेट्रोल आएगा? मध्य प्रदेश के रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए नई विमान सेवाओं के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने पेट्रोल में एथनॉल ब्लेंडिंग के केंद्र सरकार के फैसले को पूरी तरह सही ठहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अपनी कुल कच्चे तेल की जरूरत का मात्र 20 प्रतिशत ही घरेलू स्तर पर पैदा कर पाता है, जबकि बाकी बचे 80 प्रतिशत हिस्से के लिए देश को पूरी तरह विदेशों से होने वाले आयात पर निर्भर रहना पड़ता है।
मौजूदा वैश्विक भू-राजनीतिक उथल-पुथल का हवाला देते हुए रीवा के सांसद ने दावा किया कि खाड़ी देशों से भारत के लिए तेल लेकर आने वाले मालवाहक जहाजों को वैकल्पिक और लंबे समुद्री रास्तों से गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें भारत तक तेल लाने के लिए लगभग 18,000 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसी भारी लागत और आयात के बढ़ते दबाव के मद्देनजर एथनॉल मिश्रण को एक जरूरी विकल्प बताया जा रहा है।
भाजपा सांसद के इस बयान के बाद से फिर से प्रदेश की राजनीति गरमा गयी है। खास तौर पर उन्होंने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, इसकी तीखी प्रतिक्रिया हुई है। अनेक लोगों ने इस बयान का संदर्भ जोड़कर कहा कि माननीय सांसद ऐसे तरीके से बोल रहे हैं मानों यह पेट्रोल हमारे बाप के घर से नहीं बल्कि उनके पिता के घऱ से आ रहा है। वह भूल गये हैं कि दरअसल सरकार का सारा काम काज ही जनता के पैसे से चल रहा है।