Breaking News in Hindi

हमले में परमाणु संयंत्र के मुख्य इंजीनियर की मौत

जपोरजिया में यूक्रेन ड्रोन हमले पर रूसी प्रतिक्रिया आयी

एजेंसियां

मॉस्कोः रूसी अधिकारियों ने बुधवार को यह रिपोर्ट दी है कि यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र के मुख्य इंजीनियर की एक यूक्रेनी हमले में मौत हो गई है। रूस के सरकारी परमाणु निगम रोसाटॉम के प्रमुख एलेक्सी लिखाचेव ने बयान जारी कर बताया कि एक यूक्रेनी ड्रोन हमले में रूसी नियंत्रण वाले जपोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के मुख्य इंजीनियर मारे गए हैं। लिखाचेव के अनुसार, मारे गए मुख्य इंजीनियर की पहचान अलेक्जेंडर याकोवलेव के रूप में हुई है।

रोसाटॉम प्रमुख ने स्पष्ट किया कि यह हमला उस समय हुआ जब एक यूक्रेनी ड्रोन ने संयंत्र परिसर की औद्योगिक सीमा और पास के शहर एनेर्होदार के बीच स्थित एक आधिकारिक वाहन को निशाना बनाया। इस विनाशकारी हमले में न केवल मुख्य इंजीनियर, बल्कि वाहन के चालक दिमित्री फिलिपोव की भी मौके पर ही मौत हो गई।

एलेक्सी लिखाचेव ने इस पूरी घटना को एक सुनियोजित आतंकवादी हमला करार दिया है और रूस के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व को इससे अवगत करा दिया है। उन्होंने इस त्रासदी पर वैश्विक परमाणु निगरानी संस्था, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी से त्वरित और सख्त कदम उठाने की मांग की है। लिखाचेव ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि आईएईए इस दुखद घटना पर तुरंत, ठोस और स्पष्ट प्रतिक्रिया देगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से आईएईए ने पुष्टि की है कि उसे इस हमले की सूचना दे दी गई है। आईएईए के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। एजेंसी ने एक्स पर लिखा कि परमाणु संयंत्र और उसके प्रबंधन पर किया गया यह हमला पूरी तरह से अस्वीकार्य है और यह परमाणु सुरक्षा के लिए एक अत्यंत गंभीर खतरा पैदा करता है।

ग्रॉसी ने अपील की कि परमाणु स्थलों या उनके कर्मचारियों के ऊपर या उनके आस-पास होने वाले सभी सैन्य हमलों को तत्काल प्रभाव से रोका जाना चाहिए। गौरतलब है कि यह विशाल परमाणु ऊर्जा संयंत्र मार्च 2022 से ही रूसी सेना के नियंत्रण में है और सुरक्षा कारणों के चलते वर्तमान में इसके सभी रिएक्टर बंद पड़े हैं। किसी भी संभावित परमाणु दुर्घटना को रोकने और स्थिति की निगरानी के लिए आईएईए की एक टीम स्थायी रूप से इस संयंत्र में तैनात है।