मॉस्को पर हमले के तुरंत बाद रूसी सेना की जबर्दस्त प्रतिक्रिया
एजेंसियां
कीवः रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर इस साल का अपना सबसे घातक हमला किया, जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और 91 अन्य घायल हो गए। इस भीषण हवाई हमले में पूरे शहर में लगभग 130 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूस द्वारा रात भर में 74 मिसाइलें और 496 ड्रोन दागे गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के बाद कीव के कई हिस्सों में धुएं के घने गुबार छा गए। इस दौरान दमकल और आपातकालीन कर्मी आग बुझाने तथा ढही हुई इमारतों के मलबे के नीचे फंसे जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटे रहे। इस हमले में सबसे ज्यादा प्रभावित स्थलों में से एक नीपर नदी के पूर्वी तट पर स्थित एक नौ मंजिला आवासीय इमारत थी, जहां एक मिसाइल सीधे संरचना को चीरती हुई निकल गई, जिससे उसमें बने 64 अपार्टमेंट पूरी तरह नष्ट हो गए।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अपनी आयरलैंड यात्रा को बीच में ही छोड़ दिया और नुकसान का जायजा लेने के लिए कीव लौट आए। उन्होंने इस तबाही के लिए पश्चिमी देशों द्वारा हवाई रक्षा प्रणालियों (एयर डिफेंस सिस्टम) की आपूर्ति में हुई देरी को जिम्मेदार ठहराया। वहीं दूसरी ओर, रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि इन हमलों में सैन्य ठिकानों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था।