शिक्षा क्षेत्र में बजट कटौती के फैसले से उपजी नाराजगी
एजेंसियां
ब्रसेल्सः बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में सोमवार को लगातार दूसरे सप्ताह युवाओं का विरोध प्रदर्शन बेहद हिंसक हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन (पानी की बौछार) का उपयोग करना पड़ा। मौके पर मौजूद एक रिपोर्टर के अनुसार, प्रदर्शनकारियों द्वारा कचरे के डिब्बों और ई-स्कूटरों को नुकसान पहुंचाने तथा पुलिस पर पथराव और पटाखे फेंकने के बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया।
यह प्रदर्शन पिछले सप्ताह शिक्षा क्षेत्र में प्रस्तावित कटौती के खिलाफ आयोजित रैलियों के दौरान हुई पुलिसिया हिंसा के विरोध में बुलाया गया था। पिछले सप्ताह के प्रदर्शनों में भी पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था, और अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों पर लाठियां भांजते हुए देखा गया था। ब्रसेल्स शहर के प्रशासन ने इस पुलिसिया कार्रवाई की जांच कराने की घोषणा की है।
इस बड़े विरोध प्रदर्शन का मुख्य कारण बेल्जियम के फ्रेंच कम्युनिटी (फ्रांसीसी भाषी समुदाय) की सरकार द्वारा लाई गई व्यापक मितव्ययिता योजनाएं हैं। इन उपायों में उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों के शिक्षण घंटों को बढ़ाना और उच्च ट्यूशन फीस (शिक्षण शुल्क) का रास्ता साफ करना शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार के विरोध प्रदर्शन में छात्रों के साथ शिक्षक और नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। हालांकि, प्रदर्शन में भाग लेने वाले अधिकांश लोग—जिनकी संख्या कई हजार अनुमानित थी—शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज करा रहे थे।