तेज रफ्तार के बीच फंस गये हजारों यात्री
बीजिंग: चीन के हुबेई प्रांत की राजधानी और प्रमुख औद्योगिक केंद्र, वुहान में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों मानवरहित रोबोटैक्सी अचानक बीच सड़क पर रुक गईं। पुलिस और स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, यह खराबी तब आई जब ये वाहन शहर की तेज़ रफ़्तार सड़कों पर दौड़ रहे थे। इस घटना ने स्वायत्त वाहनों की सुरक्षा और विश्वसनीयता पर एक नई बहस छेड़ दी है।
वुहान पुलिस द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सिस्टम में खराबी के कारण 100 से अधिक रोबोटैक्सियाँ अचानक जहां की तहां थम गईं। पुलिस ने इस तकनीकी खराबी के मूल कारण पर अधिक विस्तार से जानकारी नहीं दी है, लेकिन यह स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी गंभीर दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, व्यस्त यातायात के बीच वाहनों के इस तरह रुक जाने से यात्रियों और अन्य चालकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी।
चीनी मीडिया से बात करते हुए एक प्रभावित यात्री ने अपना आपबीती सुनाई। यात्री के अनुसार, उनकी रोबोटैक्सी एक मोड़ लेते ही अचानक रुक गई। वाहन के अंदर लगी स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई दिया: ड्राइविंग सिस्टम में खराबी। कर्मचारियों के 5 मिनट में पहुंचने की उम्मीद है। जब निर्धारित समय के बाद भी कोई मदद नहीं पहुंची, तो यात्री ने घबराकर गाड़ी में लगा एसओएस बटन दबाया। कंट्रोल रूम से उन्हें आश्वासन दिया गया कि टीम रास्ते में है। अंततः, वाहन के दरवाजे लॉक नहीं हुए थे, इसलिए यात्री खुद दरवाजा खोलकर तेज़ ट्रैफ़िक के बीच से पैदल ही बाहर निकलने में सफल रहा।
यह चीन में रोबोटैक्सी सेवा के बड़े पैमाने पर ठप होने की पहली रिपोर्ट की गई घटना है। इससे पहले दिसंबर में, अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में वेमो की कई स्वायत्त कारों के बिजली गुल होने के कारण रुकने की खबर आई थी। वुहान में इन टैक्सियों का संचालन चीन की दिग्गज इंटरनेट और एआई कंपनी बाइडू द्वारा किया जाता है। बाइ़डू अपनी अपोलो गो रोबोटैक्सी सेवा का विस्तार यूरोप और मध्य पूर्व जैसे वैश्विक बाज़ारों में करने की योजना बना रही है। इस घटना पर कंपनी ने फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।