कई विकास योजनाओँ का शिलान्यास और उदघाटन
-
दोनों दिनों का अलग अलग कार्यक्रम
-
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में भी समारोह
-
डाक टिकट और सिक्का भी जारी होगा
राष्ट्रीय खबर
नईदिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा मुख्य रूप से सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में उनकी भागीदारी पर केंद्रित होगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री एकता नगर में 1,140 करोड़ से अधिक की विभिन्न बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन अनुभव को बढ़ाना, पहुँच में सुधार करना और स्थिरता पहलों को समर्थन देना है।
प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को शाम लगभग 5:15 बजे केवड़िया के एकता नगर पहुँचेंगे और वहाँ ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद, शाम 6:30 बजे से वे 1,140 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण-पर्यटन, हरित गतिशीलता, स्मार्ट बुनियादी ढांचे और जनजातीय विकास को बढ़ावा देने की सरकार की दृष्टि को दर्शाती हैं।
जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, उनमें राजपीपला में बिरसा मुंडा जनजातीय विश्वविद्यालय, गरुड़ेश्वर में हॉस्पिटैलिटी डिस्ट्रिक्ट (चरण-1), वामन वृक्ष वाटिका, सतपुड़ा सुरक्षा दीवार, ई-बस चार्जिंग डिपो और 25 इलेक्ट्रिक बसें, नर्मदा घाट विस्तार, कौशल्या पथ, तथा एकता द्वार से श्रेष्ठ भारत भवन तक वॉकवे (चरण-2) शामिल हैं।
जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, उनमें भारतीय शाही साम्राज्यों का संग्रहालय, वीर बालक उद्यान, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रेन फॉरेस्ट प्रोजेक्ट, शूलपाणेश्वर घाट के पास जेटी विकास, और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में ट्रैवलैटर्स जैसी परियोजनाएं प्रमुख हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ₹150 मूल्यवर्ग का विशेष स्मारक सिक्का और एक डाक टिकट भी जारी करेंगे।
31 अक्टूबर को, प्रधानमंत्री सुबह करीब 8 बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद, वे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे, जिसमें वे एकता दिवस की शपथ दिलाएंगे और एकता दिवस परेड देखेंगे।
इस वर्ष की परेड में अनेकता में एकता की थीम पर आधारित एनएसजी, एनडीआरएफ, गुजरात, जम्मू और कश्मीर सहित कुल दस झाँकियाँ प्रदर्शित की जाएंगी। परेड के प्रमुख आकर्षणों में बीएसएफ का एक मार्चिंग दल शामिल होगा, जिसमें विशेष रूप से रामपुर हाउंड्स और मुधोल हाउंड्स जैसे भारतीय नस्ल के कुत्ते होंगे।
इसके अलावा, गुजरात पुलिस का घुड़सवार दस्ता, असम पुलिस का मोटरसाइकिल डेयरडेविल शो, और बीएसएफ का ऊंट दस्ता व बैंड भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। परेड में झारखंड में नक्सल विरोधी और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में असाधारण साहस दिखाने वाले सीआरपीएफ के पाँच शौर्य चक्र और बीएसएफ के सोलह वीरता पदक विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।