Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
Nuh News: नूंह दौरे पर पहुंचे राज्यपाल असीम घोष; स्थानीय समस्याओं को लेकर दिखे गंभीर, अधिकारियों को ... Police Encounter: पंचकूला पुलिस की बड़ी कार्रवाई; करनाल में वारदात से पहले नोनी राणा गैंग के दो बदमाश... Bhiwani News: भिवानी में नशा मुक्ति केंद्र पर सीएम फ्लाइंग का छापा; बंधक बनाकर रखे गए 40 से अधिक युव... Rewari Police Action: रेवाड़ी पुलिस की बड़ी कामयाबी; डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ ठगने वाले 4 साइबर अ... Sonipat Police Firing: सोनीपत में पुलिस फायरिंग! INSO छात्र को गोली मारने का आरोप; तनाव के बीच जांच ... Ballabhgarh Murder Case: ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवक ने की थी महिला की हत्या; बल्लभगढ़ पुलिस ने आरोप... Faridabad Viral Video: फरीदाबाद में बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई; वकील की बेटी ने जड़े 12 थप्पड़... Hazaribagh Case: हजारीबाग में तीन लोगों की संदिग्ध मौत; जांच के लिए पहुंची राज्य अल्पसंख्यक आयोग की ... Khunti News: खूंटी में रेलवे कंस्ट्रक्शन साइट पर हमला; फायरिंग और आगजनी कर अपराधियों ने फैलाई दहशत Deoghar Crime News: देवघर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, बड़े गैंग का हुआ ...

हमारा मकसद एकता व सौहार्द्र कायम करना है: राहुल गांधी

  • नफरत वाली विचारधारा के खिलाफ है हम

  • सरकार को असली मुद्दों पर आगाह किया है

  • चंद पूंजीपतियों को खुश करने में जुटी है सरकार

शिमला: कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ आरम्भ करने का उद्देश्य देश में एकता और सौहार्द का संदेश देना है। श्री गांधी का  इससे पहले हिमाचल प्रदेश के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के मानसर में प्रवेश पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्रिमण्डल के सदस्यों और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भव्य स्वागत किया।

श्री राहुल गांधी ने कहा कि लगभग चार माह पूर्व कन्याकुमारी से शुरू की गई यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की नफरत वाली विचारधारा के विरुद्ध है।

इसके साथ-साथ यात्रा के माध्यम से सरकार को बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के प्रति आगाह भी किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी सारी नीतियां कुछ उद्योगपति मित्रों को खुश करने के लिए बना रही है। चाहे नोटबंदी हो या फिर जीएसटी, केंद्र सरकार के फैसले मजदूर, गरीब व आम आदमी के हित में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार हर मंच पर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। विपक्ष के नेताओं को संसद में बोलने का अवसर नहीं दिया जाता।

श्री गांधी ने कहा कि पहले भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित नहीं थी, लेकिन हिमाचलवासियों के स्रेह के कारण यात्रा रूट में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को पूरे देश में भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ है तथा उन्हें भी काफी कुछ सीखने को मिला है।

भारत जोड़ो यात्रा कांगड़ा जिला के इन्दौरा क्षेत्र के मानसर टॉल प्लाजा से मलोट गांव तक लगभग 24 किलोमीटर पैदल यात्रा तय कर 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। हजारों लोगों एवं समर्थकों ने श्री राहुल गांधी का प्रदेश में पहुंचने पर स्वागत किया और यात्रा में पूरे उत्साह एवं जोश से भाग लिया।

श्री गांधी इस 3570 किलोमीटर की यात्रा का नेतृत्व कर पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन में उमंग एवं नया जोश भर रहे हैं। यह यात्रा सात सितंबर, 2022 को तमिलनाडू के कन्याकुमारी से आरम्भ हुई और 30 जनवरी, 2023 को श्रीनगर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ सम्पन्न होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने श्री राहुल गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस की भारी जीत भ्रष्टाचार पर सच्चाई की जीत है और इसका श्रेय राहुल गांधी एवं पार्टी नेता प्रियंका गांधी के समर्पण तथा दृढ़ प्रयासों को जाता है।

उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से समस्त हिमाचल कांग्रेस पार्टी द्वारा दिखाए गए एकता और अखण्डता के मार्ग का अनुसरण करेगा। मुख्यमंत्री ने भारत जोड़ो यात्रा में हिमाचल प्रदेश को शामिल करने के लिए श्री राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया और देवभूमि पधारने पर उनका स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि सच को विचलित किया जा सकता है, लेकिन उसे पराजित नहीं किया जा सकता। अंत में जीत सच्चाई की होती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से लोगों में देश की वास्तविक समस्याओं पर चर्चा शुरू हुई है।

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पार्टी के प्रतिज्ञा पत्र में दी गई गारंटियों को पूरा करने की शुरुआत कर दी है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने अपनी पहली ही बैठक में ओपीएस बहाल करने को मंजूरी दे दी है।

महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह तथा अन्य वायदों को पूरा करने की दिशा में भी सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के लोगों से किया हर वायदा निभाएगी। इसके उपरांत श्री गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ प्राचीन शिव मंदिर काठगढ़ में पूजा-अर्चना भी की।