दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे हुआ
बस पर कुल सत्ताइस लोग सवार थे
चालक को अचानक ही झपकी लगी
पुलिया से नीचे गिर गयी यह बस
राष्ट्रीय खबर
जयपुरः राजस्थान के कोटा में शनिवार सुबह तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रैवलर बस के अनियंत्रित होकर खाई में पलटने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। यह बस भोपाल से यात्रियों को लेकर खाटू श्याम जा रही थी। घायलों को एमबीएस अस्पताल और न्यू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया और आईजी हरेंद्र महावर भी एमबीएस अस्पताल पहुंच गए हैं। मरने वाले आठ लोगों में पांच महिलाएं हैं। मृतकों की पहचान अरुणा, वैष्णवी, तृषा, कृष्णा, अनीता, ओम, सूर्यवंशी और राजू के रूप में हुई है।
एक अधिकारी ने पुष्टि की कि उन्हें सुबह करीब 8 बजे इस घटना की सूचना मिली थी। अधिकारी ने बताया कि सात लोगों को मृत लाया गया था, जबकि घायलों का इलाज चल रहा है और फिलहाल किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ड्राइवर को झपकी आने के बाद बस बेकाबू हो गई और वाहन रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरा। इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए उपलब्ध चारों एम्बुलेंसों को मौके पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि बस में 27 यात्री सवार थे जो भोपाल से खाटू श्याम जा रहे थे। एएसपी राम कल्याण मीणा ने बताया कि सिमलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ड्राइवर को आठ-लेन एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई, जिससे बस एक पुलिया में गिर गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में करीब आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि 15 से 17 अन्य लोग अस्पताल में उपचाराधीन हैं। एनएचएआई, जिला प्रशासन और पुलिस टीम इस मामले की जांच करेगी।
कोटा से सांसद और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने घायलों की स्थिति जानने के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया। घायलों से मिलने के बाद उन्होंने उनके इलाज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बेहतरीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और अधिकारियों को इस घटना की जांच करने का आदेश दिया है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान करके उन्हें तुरंत सुधारा जाए।